Table of Contents
राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने भीलवाड़ा के हरिसेवा उदासीन आश्रम में बाबा गंगाराम साहिब और बाबा हरिराम साहब के वार्षिक उत्सव में भाग लिया। जानें उत्सव से जुड़ी अहम बातें।
राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने भीलवाड़ा जिले के हरिसेवा उदासीन आश्रम में आयोजित सतगुरुओं के चार दिवसीय वार्षिक उत्सव में भाग लिया। इस अवसर पर बाबा गंगाराम साहिब जी की 29वीं वार्षिक बरसी और बाबा हरिराम साहब जी का 75वां वार्षिक उत्सव धार्मिक श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया।
संविधान गैलरी और सांस्कृतिक पुनर्स्थापन की जानकारी साझा की
अपने संबोधन में श्री देवनानी ने कहा कि घर में श्रीरामचरितमानस और श्रीमद्भगवद्गीता का होना अत्यंत आवश्यक है, जिससे अगली पीढ़ी में संस्कार और नैतिक मूल्यों की वृद्धि होती है। उन्होंने बताया कि राजस्थान विधानसभा में हाल ही में संविधान गैलेरी स्थापित की गई है और अजमेर शहर में मुग़ल और अंग्रेज़ी नामों को सनातन संस्कृति आधारित नामों से प्रतिस्थापित करने की पहल की जा रही है।
“भारत विश्व गुरु है और रहेगा”: महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन
वार्षिक उत्सव में उपस्थित महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारत सदैव विश्व गुरु रहा है और रहेगा, यह सनातन धर्म की शक्ति है। उन्होंने कहा कि दान की प्रवृत्ति से समाज, राष्ट्र और धर्म को मजबूती मिलती है। उन्होंने “बाबा हरिराम, बाबा शेवाराम, बाबा गंगाराम तुहिंजे दर ते…” भजन प्रस्तुत कर सतगुरुओं की महिमा का गुणगान किया।
धार्मिक अनुष्ठानों से गूंजा आश्रम
उत्सव के दौरान प्रातःकाल श्रद्धालुओं ने समाधियों, धूणा साहब, आसण साहब, झण्डा साहब और श्री हरि सिद्धेश्वर मंदिर पर पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद लिया। इसके साथ ही हवन यज्ञ में संतों ने आहुतियां दीं। अखण्ड पाठ के पश्चात भोग साहिब और श्री श्रीचंद्र मात्रा साहब वाणी का पाठ हुआ। कार्यक्रम का समापन अन्न क्षेत्र सेवा के साथ हुआ।
For more news: Rajasthan