हेरिटेज स्ट्रीट पर चालू हुए वॉटर एटीएम
शहर की बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को चालू करने का काम भी प्रगति पर
सड़कों के रखरखाव को लेकर नागरिकों से मिल रहा फीडबैक दे रहा है बेहतर दिशा
अमृतसर, 17 जुलाई
मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान द्वारा शहरों की सड़कों को सुरक्षित और स्वच्छ बनाने हेतु विभिन्न विभागों के अधिकारियों के सहयोग से शुरू की गई “रोड अडॉप्शन” योजना पर काम करते हुए डिप्टी कमिश्नर श्रीमती साक्षी साहनी द्वारा की गई कोशिशों ने अब सकारात्मक प्रभाव देना शुरू कर दिया है। डिप्टी कमिश्नर श्रीमती साहनी द्वारा विरासती मार्ग, जो श्री दरबार साहिब को जाने वाला मुख्य रास्ता है, पर किए गए निरीक्षण के चलते वहाँ सफाई कार्य में काफी सुधार हुआ है। साथ ही संगतों की सुविधा के लिए लगाए गए वॉटर एटीएम भी चालू किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अब तक सात वॉटर एटीएम चालू हो चुके हैं और तीन को चालू करने का कार्य प्रगति पर है।
आज डिप्टी कमिश्नर श्रीमती साहनी ने जिले की सभी सड़कों पर अधिकारियों द्वारा किए जा रहे निरीक्षण के संबंध में विशेष मीटिंग की। इसमें उन्होंने अधिकारियों के साथ-साथ जिले की जनता द्वारा फीडबैक के रूप में मिल रहे सहयोग के लिए धन्यवाद भी किया। उन्होंने कहा कि हमने लोगों के साथ गूगल लिंक साझा कर फीडबैक लिया, जिसमें सैंकड़ों लोगों ने भाग लिया है और हम उनके विचारों से मार्गदर्शन लेकर कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बारिश के चलते प्राथमिकता के आधार पर सड़कों पर जमा पानी को निकालने की तुरंत व्यवस्था की जाए, स्ट्रीट लाइटें चालू की जाएं और सीवरेज होल का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि शहरों और कस्बों की सड़कों पर दुकानदारों द्वारा किए गए अवैध कब्जे और बारिश के कारण गिरे पेड़ों को तुरंत हटाया जाए। इसके अलावा, उन्होंने आवाजाही में बाधा बन रहे पेड़ों की छंटाई करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को उत्साहित करते हुए कहा कि आपके निरीक्षण के चलते शहर की कई सड़कों पर स्ट्रीट लाइटें चालू हो चुकी हैं और कई पर कार्य चल रहा है। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन विभिन्न सड़कों पर नगर निगम, मंडी बोर्ड, लोक निर्माण विभाग, अमृतसर नगर सुधार ट्रस्ट और अन्य विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की वीडियो और तस्वीरें प्राप्त हो रही हैं और जनता द्वारा भी इन कार्यों की सराहना की जा रही है। इसलिए आप इसी तरह निरंतर सेवा करते रहें।
आज की बैठक में अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर श्री रोहित गुप्ता, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर श्रीमती अमनदीप कौर, सहायक कमिश्नर श्री सुरिंदर सिंह, एसडीएम श्री मनकंवल सिंह चाहल, एसडीएम श्री गुरसिमरन सिंह ढिल्लों और सभी विभागों के जिला प्रमुख उपस्थित थे।