UP Kisan Yojana News: उत्तर प्रदेश के लखनऊ जिले के 866 किसानों को मिला PM किसान सम्मान निधि योजना का लाभ। “विकसित कृषि संकल्प अभियान 2025” में हजारों किसान शामिल, खेती को लाभकारी बनाने की दिशा में बड़ा कदम।
UP Kisan Yojana News: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे “विकसित कृषि संकल्प अभियान 2025” को जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। इस अभियान के तहत लखनऊ जिले के ग्राम कसमंडी कला के 866 किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ मिला है। इस योजना के अंतर्गत अब तक इन किसानों को 3 करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है।
65% किसानों ने करवा लिया फार्मर रजिस्ट्री पंजीकरण
ग्राम कसमंडी कला के 65 प्रतिशत किसानों ने फार्मर रजिस्ट्री के अंतर्गत पंजीकरण करवा लिया है, जिससे वे आने वाले समय में कृषि बीमा, सब्सिडी और अन्य सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ प्राप्त कर सकें।
राज्यभर में फैला अभियान, लाखों किसान हो रहे लाभान्वित
विकसित कृषि संकल्प अभियान 2025 वर्तमान में उत्तर प्रदेश के 75 जिलों में सक्रिय है। अब तक 3,375 स्थानों पर इसका आयोजन हो चुका है और 5.70 लाख से अधिक किसान इससे जुड़ चुके हैं। कृषि वैज्ञानिक, विभागीय अधिकारी और जनप्रतिनिधि इस अभियान को सफल बनाने में लगे हैं।
कृषि मंत्री ने की किसानों से बातचीत
प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने हापुड़ जिले के बनखण्डा गांव में किसानों से सीधा संवाद किया। उन्होंने किसानों को खेती में आधुनिक तकनीकों जैसे ड्रिप सिंचाई, पॉलीहाउस, खेत तालाब और कीट प्रबंधन के बारे में जानकारी दी और प्रेरित किया कि वे इन योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी उत्पादकता और आमदनी दोनों बढ़ा सकते हैं।
लखनऊ के किसान सम्मेलन में हुआ तकनीकी ज्ञान का आदान-प्रदान
संयुक्त कृषि निदेशक एके सिंह ने लखनऊ के ग्राम कसमंडी कला में आयोजित किसान सम्मेलन में फार्मर रजिस्ट्री, फसल बीमा योजना और खेतों में नई तकनीकों के प्रयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही केन्द्रीय उपोष्ण वागवानी संस्थान और कृषि विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञों ने भी किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया।
38 वरिष्ठ अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी
अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार ने 38 वरिष्ठ अधिकारियों को अलग-अलग जिलों में जिम्मेदारी सौंपी है, जो 7 और 8 जून को किसानों से सीधे संवाद कर योजनाओं की जानकारी देंगे। साथ ही, कृषि मंत्री कानपुर नगर के हलपुरा गांव, और राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख रामपुर जिले के मानपुर ओझा गांव में किसानों से मिलेंगे।
सरकार का लक्ष्य: किसानों को आत्मनिर्भर बनाना
उत्तर प्रदेश सरकार का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक किसान सरकारी योजनाओं से लाभान्वित हों और खेती को एक लाभकारी व्यवसाय के रूप में विकसित किया जा सके। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना जैसी स्कीमें किसानों को वित्तीय सुरक्षा देती हैं, जिससे उनकी जीवनशैली में सुधार हो सकता है।
For more news: UP