– कमिश्नर नगर निगम ने एकता नगर गौशाला में किया पौधरोपण
होशियारपुर, 7 जून:
नगर निगम होशियारपुर की कमिश्नर डॉ. अमनदीप कौर ने जानकारी देते हुए बताया कि वातावरण को स्वच्छ और प्रदूषण रहित बनाने के उद्देश्य से नगर निगम की ओर से एकता नगर स्थित गौशाला में विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए गए।
इस महत्वपूर्ण कार्य में ‘गोबिंद गोधाम गौ सेवा समिति’ के विभिन्न पदाधिकारियों ने पूरा सहयोग देते हुए इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई। सभी ने यह संकल्प लिया कि इस मुहिम को निरंतर जारी रखा जाएगा।
कमिश्नर नगर निगम ने कहा कि गौशाला में पौधे लगाने से जहां एक ओर गौधन को छाया मिलेगी, वहीं दूसरी ओर हरे-भरे वातावरण के निर्माण में भी यह कार्य सहायक सिद्ध होगा।
डॉ. अमनदीप कौर ने शहरवासियों से भी अपील की कि वे पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने और शहर को सुंदर बनाने के लिए “एक व्यक्ति – एक वृक्ष” संकल्प के तहत कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसकी प्रतिदिन देखभाल करें।
उन्होंने यह भी बताया कि वर्षा ऋतु में पौधे अधिक फलते-फूलते हैं, इसलिए इस मौसम में अधिक से अधिक पौधे लगाए जाएं, ताकि पर्यावरण को स्वच्छ रखा जा सके और शहर को प्रदूषण मुक्त बनाया जा सके।