‘Strong Army, Prosperous India’: जनता को सशस्त्र बलों के बारे में जानने और सैनिकों से बातचीत करने का अवसर मिलेगाhttps://newsindianow.in/strong-army-prosperous-india-exhibition-organized-in-ranchi-to-strengthen-civil-military-relations-and-inspire-youth/
नागरिक समाज और सशस्त्र बलों के बीच संबंधों को मजबूती प्रदान करने और युवाओं को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करने हेतु झारखंड के रांची के मोराबादी मैदान में 06 से 08 सितंबर, 2024 तक ‘सशक्त सेना, समृद्ध भारत’ नामक प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ इस आयोजन में सम्मिलित होंगे। इसमें कई नागरिक और सैन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहेंगे। यह प्रदर्शनी सभी के लिए सुलभ होगी, जिससे जनता को सशस्त्र बलों के बारे में जानने और सैनिकों से बातचीत करने का अवसर मिलेगा।
इस प्रदर्शनी में हथियारों और उपकरणों का प्रदर्शन, एयर शो, डेयरडेविल मोटरसाइकिल शो, डॉग शो और हॉट एयर बैलूनिंग शामिल होंगे। इसमें संगीत और सांस्कृतिक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी, जिनमें विभिन्न आर्मी बैंड, कलारीपयट्टू, मलखंब, भांगड़ा और अन्य मार्शल आर्ट प्रदर्शन शामिल होंगे, जो देश की वैविध्यपूर्ण विरासत को प्रदर्शित करेंगे। इसके अलावा, युवाओं को सशस्त्र बलों में शामिल होने की प्रक्रिया और वहां जीवन से अवगत कराने के लिए करियर परामर्श प्रदान करने हेतु प्रेरक और जागरूकता स्टॉल लगाए जाएंगे।
***