प्रधानमंत्री मोदी ने 29 अप्रैल 2026 को गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण किया। बंगाल चुनाव के दूसरे चरण में 11 बजे तक 40% वोटिंग के बीच बीजेपी ने टीएमसी पर ईवीएम से छेड़छाड़ का आरोप लगाया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार (29 अप्रैल 2026) को उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से गंगा एक्सप्रेसवे का भव्य उद्घाटन किया। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को राष्ट्र को समर्पित करते हुए पीएम मोदी ने इसे उत्तर प्रदेश की कनेक्टिविटी और आर्थिक विकास की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम बताया। उद्घाटन के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम ने अपनी आध्यात्मिक यात्रा का जिक्र किया और कहा कि पिछले कुछ दिनों से उन्हें निरंतर मां गंगा की सेवा का सौभाग्य मिल रहा है।
मां गंगा का आशीर्वाद और एक्सप्रेसवे की सौगात
पीएम मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत भावुक अंदाज में की। उन्होंने कहा, “24 अप्रैल को मैं बंगाल में था, तब मां गंगा के दर्शन किए। कल काशी में था और आज सुबह बाबा विश्वनाथ, मां अन्नपूर्णा और मां गंगा के आशीर्वाद के बाद इस एक्सप्रेसवे के लोकार्पण का अवसर मिला है।” प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि यह एक्सप्रेसवे केवल सड़कों का जाल नहीं है, बल्कि यूपी के विकास की नई जीवनरेखा है, जो किसानों, युवाओं और उद्यमियों के लिए समृद्धि के नए द्वार खोलेगा।
बंगाल चुनाव पर ‘हरदोई’ से सीधा निशाना
Speaking at the inauguration of the Ganga Expressway in Hardoi. This transformative infrastructure project will boost connectivity and drive progress across Uttar Pradesh. https://t.co/UoFCdwSRmO
— Narendra Modi (@narendramodi) April 29, 2026
उत्तर प्रदेश की धरती से पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल में चल रहे दूसरे चरण के मतदान पर भी सीधा संवाद किया। उन्होंने बंगाल की जनता के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि आज बंगाल में लोकतंत्र का उत्सव मनाया जा रहा है। पीएम ने कहा, “जो खबरें आ रही हैं, वे स्पष्ट करती हैं कि बंगाल में भारी मतदान हो रहा है। पिछले 6-7 दशकों में जिस ‘निर्भीक वातावरण’ की कल्पना करना भी मुश्किल था, आज वैसै माहौल में बंगाल के लोग वोट डाल रहे हैं। लंबी-लंबी कतारें इस बात का प्रमाण हैं कि जनता बदलाव के लिए तैयार है।”
बंगाल में मतदान की रफ्तार: 11 बजे तक 39.97% वोटिंग
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में आज 142 सीटों पर मतदान हो रहा है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, सुबह 11 बजे तक 39.97% मतदान दर्ज किया गया है। मतदान की यह तेज रफ्तार संकेत दे रही है कि दूसरे चरण में भी वोटिंग का नया रिकॉर्ड बन सकता है। हालांकि, उत्साह के बीच कई जिलों से छिटपुट हिंसा और तनाव की खबरें भी प्राप्त हुई हैं। दक्षिण बंगाल के कई बूथों पर सुरक्षा बलों की भारी तैनाती के बावजूद राजनीतिक झड़पें देखने को मिली हैं।
ईवीएम से छेड़छाड़ के आरोप: बीजेपी और टीएमसी में तकरार
मतदान के बीच भारतीय जनता पार्टी ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बीजेपी आईटी सेल के प्रभारी अमित मालवीय ने दावा किया कि डायमंड हार्बर की फाल्टा सीट पर कई पोलिंग बूथों के भीतर ईवीएम मशीन पर बीजेपी के चुनाव चिन्ह (कमल) के आगे टेप लगा दिया गया है, ताकि मतदाता उसे देख न सकें। भाजपा ने इस घटना के लिए टीएमसी प्रत्याशी जहांगीर खान और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा है। पार्टी ने चुनाव आयोग से इन बूथों पर तत्काल हस्तक्षेप और निष्पक्ष जांच की मांग की है।