UPITS 2025 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘ब्रांड यूपी’ को आत्मनिर्भर भारत का उत्सव बताया। 80 देशों से आए 500+ विदेशी बायर्स और 2,250 से अधिक प्रदर्शकों की भागीदारी के साथ यह ट्रेड शो उत्तर प्रदेश की वैश्विक पहचान को नई ऊंचाई दे रहा है।
उत्तर प्रदेश एक बार फिर वैश्विक निवेश, नवाचार और उद्यमिता के केंद्र में है। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS 2025) के तीसरे संस्करण का भव्य शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर सीएम योगी ने ‘ब्रांड यूपी’ को आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का उत्सव बताया और इसे प्रदेश की सांस्कृतिक, औद्योगिक और आर्थिक ताकत का प्रतीक करार दिया।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय को श्रद्धांजलि, अंत्योदय से राष्ट्रोदय की ओर कदम
मुख्यमंत्री ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि यह आयोजन अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक समृद्धि पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि 70 साल पहले दिया गया ‘अंत्योदय’ का दर्शन अब ‘राष्ट्रोदय’ में परिवर्तित हो रहा है, और UPITS इसका जीवंत उदाहरण है।
अंतरराष्ट्रीय सहभागिता से बढ़ी यूपी की वैश्विक पहचान
UPITS 2025 में 80 देशों के 500 से अधिक विदेशी खरीदार भाग ले रहे हैं। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों से 2,250 से अधिक एग्जीबिटर्स ने अपने उत्पादों और नवाचारों को प्रदर्शित किया है। सीएम योगी ने रूस को इस बार की ‘पार्टनर कंट्री’ के रूप में चुने जाने पर खुशी जताई और सभी विदेशी प्रतिनिधियों का स्वागत किया।
यूपी बना निवेश और रोजगार का नया केंद्र
सीएम योगी ने बताया कि यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2023 में प्राप्त ₹40 लाख करोड़ के निवेश प्रस्तावों में से ₹12 लाख करोड़ से अधिक के प्रोजेक्ट्स पर कार्य शुरू हो चुका है। नवंबर 2025 में ₹5 लाख करोड़ के निवेश की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी की तैयारी की जा रही है।
also read: सीएम योगी आदित्यनाथ ने ओम प्रकाश राजभर से की मुलाकात,…
युवाओं को मिली नई पहचान – जॉब सीकर से जॉब क्रिएटर तक
सीएम योगी ने बताया कि 24 जनवरी 2025 को शुरू हुई सीएम युवा उद्यमी योजना के तहत अब तक 90,000 से अधिक युवाओं को उद्यम शुरू करने में सहायता मिली है। यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस विजन को साकार कर रही है जिसमें उन्होंने युवाओं को “नौकरी खोजने वाला नहीं, नौकरी देने वाला” बनने का संदेश दिया था।
विश्वकर्मा योजना और ओडीओपी से कारीगरों को संजीवनी
उत्तर प्रदेश में चल रही ओडीओपी योजना और प्रधानमंत्री की विश्वकर्मा योजना के माध्यम से 4 लाख से अधिक पारंपरिक कारीगरों और हस्तशिल्पियों को प्रशिक्षण और आर्थिक सहयोग मिला है। 77 GI टैग प्राप्त उत्पादों के साथ यूपी अब देश की GI कैपिटल बन चुका है। इस साल सरकार 75 नए उत्पादों के लिए GI टैग के आवेदन की तैयारी में है।
नए जीएसटी रिफॉर्म से मार्केट में आई नई ऊर्जा
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में लागू हुए Next Generation GST Reforms ने व्यापारिक माहौल में उत्साह भर दिया है। चार टैक्स स्लैब को घटाकर अब दो स्लैब में लाया गया है जिससे व्यापारियों, उपभोक्ताओं और उद्यमियों को राहत मिली है और बाजार में सिर्फ चार दिनों में नई जीवंतता देखने को मिली है।
आईटी, मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स में यूपी का दबदबा
सीएम योगी ने बताया कि आज उत्तर प्रदेश देश की मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग का 55% और मोबाइल कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग का 50% योगदान दे रहा है। प्रदेश को आईटी सेक्टर में ‘इंडस्ट्री स्टेटस’ भी प्रदान कर दिया गया है, जिससे निवेशकों के लिए माहौल और भी अनुकूल बना है।
बेहतर कनेक्टिविटी और कानून-व्यवस्था ने बढ़ाया विश्वास
योगी ने कहा कि यूपी आज सड़क, रेल, हवाई और जलमार्ग से बेहतर तरीके से जुड़ा हुआ है। इसके अलावा, प्रदेश की मजबूत कानून व्यवस्था और उद्योग-हितैषी नीतियों ने निवेशकों का भरोसा जीता है।