मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा 8 अक्टूबर को सूरत में प्रवासी राजस्थानी मीट में प्रवासी राजस्थानी समुदाय से मुलाकात करेंगे। इस कार्यक्रम का उद्देश्य गुजरात में रह रहे राजस्थानियों को राज्य में निवेश के लिए प्रोत्साहित करना और सामाजिक-आर्थिक विकास में उनका योगदान बढ़ाना है। कन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री के सहयोग से आयोजित इस सम्मेलन में मुख्यमंत्री के साथ संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होंगे।
मीट के बाद, मुख्यमंत्री का प्रतिनिधिमंडल सूरत के फार्मास्यूटिकल्स, टेक्सटाइल्स, सिरेमिक्स और पेट्रोकेमिकल्स सेक्टर के उद्योगपतियों से भी भेंट करेगा। इसके साथ ही वे सूरत के डायमंड बूअर्स का भी अवलोकन करेंगे।
यह कार्यक्रम जयपुर में 10 दिसंबर को मनाए जाने वाले ‘प्रवासी राजस्थानी दिवस’ से पहले सूरत में आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष पहली बार राज्य सरकार ने 10 दिसंबर को प्रवासी राजस्थानी दिवस के रूप में मनाने का फैसला लिया है, जिसका मकसद प्रवासी राजस्थानियों के साथ सांस्कृतिक और आर्थिक संबंध मजबूत करना और उन्हें राज्य के विकास में भागीदार बनाना है।
यह पहल प्रवासी राजस्थानियों को ‘कनेक्ट, कोलेबोरेट एंड कॉन्ट्रिब्यूट’ के सिद्धांत पर जोड़ने और उनके साथ संबंध प्रगाढ़ करने का प्रयास है, जिससे राजस्थान की विकास यात्रा को और भी बल मिलेगा।