Table of Contents
एनडीए द्वारा उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने रविवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भेंट की। इस मौके पर पीएम मोदी ने उन्हें इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि उनका लंबा अनुभव और जनसेवा राष्ट्र के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगी।
दिल्ली एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत, केंद्रीय मंत्री और CM रेखा गुप्ता भी मौजूद
सीपी राधाकृष्णन का दिल्ली एयरपोर्ट पर केंद्रीय मंत्री किरन रिजिजू, भूपेंद्र यादव और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भव्य स्वागत किया। यह मुलाकात बीजेपी संसदीय बोर्ड की बैठक के तुरंत बाद हुई, जिसमें उन्हें एनडीए की ओर से उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के रूप में नामित किया गया था।
पीएम मोदी ने एक्स (Twitter) पर किया शुभकामनाएं व्यक्त
पीएम मोदी ने अपनी आधिकारिक एक्स (Twitter) पोस्ट में लिखा, “सीपी राधाकृष्णन जी से मुलाकात की। एनडीए के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बनने पर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उनका अनुभव और जनसेवा हमारे राष्ट्र को समृद्ध करेगी। ईश्वर करें वे हमेशा इसी समर्पण और दृढ़ता के साथ देश की सेवा करें।”
Met Thiru CP Radhakrishnan Ji. Conveyed my best wishes on his being the NDA’s Vice Presidential nominee. His long years of public service and experience across domains will greatly enrich our nation. May he continue to serve the nation with the same dedication and resolve he has… pic.twitter.com/5vjFzzwUqn
— Narendra Modi (@narendramodi) August 18, 2025
तमिलनाडु में जनसेवा के लिए पहचाने जाते हैं राधाकृष्णन
पीएम मोदी ने कहा कि राधाकृष्णन ने तमिलनाडु में विशेष रूप से हाशिये पर पड़े लोगों के उत्थान के लिए काम किया है। उनका समर्पण, विनम्रता और बुद्धिमत्ता उन्हें एक अलग पहचान देती है। पीएम मोदी ने एनडीए के इस फैसले पर खुशी जताई।
जेपी नड्डा ने विपक्ष से सर्वसम्मति का आग्रह किया
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उम्मीद जताई कि विपक्षी दल भी एनडीए के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन का समर्थन करेंगे। उन्होंने कहा, “हम चाहते हैं कि उपराष्ट्रपति चुनाव सर्वसम्मति से हो। इसके लिए हमने विपक्षी नेताओं से संपर्क भी किया है।”