महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने भू-राजनीतिक तनाव का हवाला देते हुए पीएनजी और सीएनजी पर अपनी सभी सब्सिडी और सपोर्ट स्कीम्स बंद कर दी हैं। जानें क्या होगा आम ग्राहकों पर असर।
पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के बाद अब आम उपभोक्ताओं को एक और बड़ा आर्थिक झटका लगा है। मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में पीएनजी (PNG) और सीएनजी (CNG) की आपूर्ति करने वाली प्रमुख कंपनी, महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने अपनी सभी सपोर्ट स्कीम और सब्सिडी को तत्काल प्रभाव से बंद करने का ऐलान कर दिया है। कंपनी ने इस कड़े फैसले के पीछे मौजूदा वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव (geopolitical situation) और उससे उत्पन्न आपूर्ति दबाव को मुख्य कारण बताया है।
सब्सिडी खत्म होने का उपभोक्ताओं पर सीधा असर
एमजीएल द्वारा जारी आधिकारिक नोटिस के अनुसार, कंपनी अब अपनी सपोर्ट स्कीम और सब्सिडी को जारी रखने की स्थिति में नहीं है। इस फैसले के चलते उन ग्राहकों को अब सीधे तौर पर अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ेगा, जो अब तक इन सुविधाओं का लाभ उठा रहे थे। इसका मुख्य असर निम्नलिखित क्षेत्रों पर पड़ेगा:
- पाइपलाइन इंस्टॉलेशन: पाइपलाइन बिछाने की लागत में अब तक मिलने वाली सहायता को पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है।
- बिल सब्सिडी: सेल्फ-फंडेड इंस्टॉलेशन पर दी जाने वाली मासिक बिल सब्सिडी भी तत्काल प्रभाव से बंद कर दी गई है।
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण लागत प्रबंधन के लिए यह निर्णय लेना उनकी ‘मजबूरी’ बन गया था। हालांकि, एमडीएल ने यह आश्वासन जरूर दिया है कि पीएनजी और सीएनजी की सप्लाई पहले की तरह सुचारू रूप से जारी रहेगी और कंपनी सुरक्षित एवं भरोसेमंद गैस सेवा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
बाजार और शेयर प्रदर्शन पर स्थिति
जहां एक ओर ग्राहकों पर खर्च का बोझ बढ़ा है, वहीं दूसरी ओर शेयर बाजार में एमडीएल (MGL) के शेयरों में सोमवार को सकारात्मक रुझान दिखा। आज के कारोबार के दौरान कंपनी के शेयर लगभग 2 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,076 रुपये के स्तर पर कारोबार करते नजर आए। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि प्रमोटर स्पेंडिंग (प्रमोशनल खर्च) में कटौती करके लागत को नियंत्रित करने के कंपनी के कदम को निवेशकों ने सकारात्मक रूप से लिया है।