जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों को किताबें पढ़ने और इंटरनेट का सीमित उपयोग करने की सलाह दी। नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान और उद्यमियों के लिए समयबद्ध कार्रवाई पर जोर।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उन्हें समाधान का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में बच्चों के प्रति उनके स्नेह का भी विशेष दृश्य देखने को मिला।
बच्चों को किताबें पढ़ने और इंटरनेट के सीमित प्रयोग की सलाह
जनता दर्शन में बच्चों के साथ आए अभिभावकों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बच्चों को किताबें पढ़ने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि इंटरनेट का प्रयोग केवल आवश्यकता अनुसार ही करें और अत्यधिक उपयोग से बचें। मोबाइल और अन्य डिजिटल उपकरणों के सीमित उपयोग की भी सलाह दी गई। बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने चॉकलेट भी वितरित किए।
also read: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने RSS के साथ की बैठक, उत्तर…
समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन में आए नागरिकों से प्रार्थना पत्र प्राप्त किए और उन्हें आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का निस्तारण शीघ्र और प्रभावी ढंग से किया जाएगा। उन्होंने जिलों के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि हर शिकायत का समाधान समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए।
कार्यक्रम के दौरान दो उद्यमियों ने अपनी समस्याएं रखीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPIDA) और जिला प्रशासन को समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में निवेश और उद्योग के विकास के लिए बेहतरीन इकोसिस्टम तैयार किया गया है और निवेश में किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
पुलिस और पारिवारिक मामलों में सख्ती
कासगंज से आए एक पीड़ित ने पुलिस से जुड़ी शिकायत रखी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस अधीक्षक को मामले का संज्ञान लेने और समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, अवैध कब्जे से जुड़ी पारिवारिक विवाद की शिकायत पर भी उन्होंने सख्त रुख अपनाया और सुनिश्चित किया कि नियमानुसार तत्काल कार्रवाई की जाएगी।