हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि वर्तमान सरकार जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनने और उनका शीघ्र समाधान करने के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। हर माह आयोजित होने वाली ग्रीवेंस कमेटी की बैठकों के माध्यम से आमजन की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई की जाती है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक सरकारी अधिकारी और कर्मचारी जनता के प्रति उत्तरदायी हैं और उन्हें सरकार की नीतियों के अनुसार जनता की भलाई के लिए कार्य करना चाहिए।
चरखी दादरी में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति की बैठक में जिले के विभिन्न गांवों और शहरी क्षेत्रों से कुल 14 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 6 मामलों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया। शेष शिकायतों को आगामी सुनवाई के लिए रखा गया।
also read: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ‘विकसित रैली’ के जरिए जनता के…
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि शिकायतों की जांच में पारदर्शिता बनाए रखें और शिकायतकर्ता को प्रत्येक चरण में शामिल किया जाए, ताकि समाधान प्रभावी और संतोषजनक हो। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी जनता तक पहुंचेगा जब अंतिम स्तर पर खड़े नागरिकों तक योजनाओं का प्रभाव पहुँच सके।
मंत्री ने आगे कहा कि जिला लोक संपर्क और परिवेदना समितियां सरकार और आमजन के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम हैं। इसके जरिए नागरिक सीधे प्रशासन तक अपनी समस्याएं और सुझाव पहुंचा सकते हैं, जिससे शासन और जनता के बीच सहयोग बढ़े और त्वरित समाधान सुनिश्चित हो।