Table of Contents
दिल्ली से बड़ौत के लिए इंटरस्टेट इलेक्ट्रिक एसी बस सेवा शुरू, सीएम रेखा गुप्ता ने किया उद्घाटन, कंडक्टरों को POS मशीनें भी बांटी गईं।
दिल्ली के मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली के कश्मीरी गेट आईएसबीटी से उत्तर प्रदेश के बड़ौत तक चलने वाली इंटरस्टेट इलेक्ट्रिक एसी बस सेवा का उद्घाटन किया। इस नई सेवा का उद्देश्य दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बीच यात्रा को अधिक सुविधाजनक और पर्यावरण के अनुकूल बनाना है।
बड़ौत रूट पर पहली इलेक्ट्रिक एसी बस सेवा शुरू
दिल्ली परिवहन निगम (DTC) द्वारा शुरू की गई यह सेवा राजधानी दिल्ली से लेकर उत्तर प्रदेश के बड़ौत तक चलेगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने खुद बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और नागरिकों को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। रेखा गुप्ता ने कहा कि “हमारी सरकार की हर नई पहल इतिहास बनाती है।”
POS मशीनें और ‘चलो ऐप’ भी हुआ लॉन्च
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने इंटरस्टेट बसों के कंडक्टरों को POS मशीनें सौंपीं, ताकि टिकटिंग सिस्टम को पूरी तरह डिजिटल बनाया जा सके। इसके साथ ही, चलो ऐप को ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ONDC) प्लेटफॉर्म पर लॉन्च किया गया है।
इसी दौरान DTC और कैनरा बैंक के बीच ऑटोमेटेड फेयर कलेक्शन सिस्टम (AFCS) के नेटवर्क रोलआउट के लिए एक अहम समझौते पर भी हस्ताक्षर किए गए।
इन रूट्स से होकर गुजरेगी बस सेवा
यह बस कश्मीरी गेट ISBT से शुरू होकर खजूरी खास, भजनपुरा, लोनी बस स्टैंड, यूपी बॉर्डर, मंडोला, खेकड़ा, काठा, बागपत, गौरीपुर, सरूरपुर और ट्योढ़ी होते हुए बड़ौत पहुंचेगी। वापसी में भी यही रूट रहेगा।
बस टाइमिंग्स और शेड्यूल
-
दिल्ली से पहली बस: सुबह 4:50 बजे
-
दिल्ली से आखिरी बस: शाम 6:00 बजे
-
बड़ौत से पहली बस: सुबह 7:00 बजे
-
बड़ौत से आखिरी बस: रात 8:30 बजे
क्या बोले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता?
मुख्यमंत्री ने इस पहल को दिल्ली के विकास की दिशा में एक मजबूत कदम बताया और सभी सरकारी अधिकारियों, DTC कर्मचारियों और बैंक प्रतिनिधियों की समर्पण और ऊर्जा की सराहना की। उन्होंने अधिकारियों को “दिल्ली विकास के हनुमान” की उपमा दी।