राघव चड्ढा का नाम दिल्ली की वोटर लिस्ट में जुड़ने पर AAP ने सवाल उठाए हैं। अनुराग ढांडा ने चुनाव आयोग से प्रक्रिया स्पष्ट करने और पूरे मामले की जांच की मांग की।
दिल्ली की ड्राफ्ट मतदाता सूची में भाजपा सांसद राघव चड्ढा का नाम जुड़ने को लेकर आम आदमी पार्टी ने चुनाव आयोग की प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए हैं। AAP के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने दावा किया कि 31 अगस्त की ड्राफ्ट सूची में राजेंद्र नगर के एक बूथ पर कुल 746 मतदाता थे और उसमें राघव चड्ढा का नाम नहीं था। अब उसी बूथ पर मतदाताओं की संख्या 747 हो गई है और राघव चड्ढा का नाम सूची में दिखाई दे रहा है।
अनुराग ढांडा ने सवाल उठाया कि आखिर 31 अगस्त के बाद किस प्रक्रिया के तहत राघव चड्ढा का नाम दिल्ली की मतदाता सूची में जोड़ा गया?
उन्होंने कहा कि यदि SIR के दौरान किसी मतदाता का नाम जोड़ने या हटाने का काम बिना आवश्यक दस्तावेज, सत्यापन और निर्धारित प्रक्रिया के किया जा सकता है, तो यह चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।
ढांडा ने चुनाव आयोग से पूरे मामले पर स्पष्टीकरण देने और यह बताने की मांग की कि राघव चड्ढा का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए कौन-सा आवेदन, दस्तावेज और सत्यापन प्रक्रिया अपनाई गई।
उन्होंने पूरे मामले की जांच की मांग करते हुए कहा कि यदि यह सामने आता है कि नाम निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए बिना जोड़ा गया है, तो उस प्रविष्टि की समीक्षा की जानी चाहिए और कानून के मुताबिक पूरी प्रक्रिया का पालन किया जाना चाहिए।
AAP ने चुनाव आयोग से मांगा जवाब
31 अगस्त के ड्राफ्ट रोल में दिल्ली के राजेंद्र नगर के एक बूथ पर 746 वोट थे और Raghav Chadha जी का नाम नहीं था। अब उसी बूथ पर 747 वोट हैं और Raghav Chadha जी का नाम जुड़ा हुआ है।
अगर बिना किसी डॉक्यूमेंटेशन और तय प्रक्रिया का पालन किए चुनाव आयोग बैकएंड से किसी का नाम SIR में जोड़… pic.twitter.com/xI8vV0uqCu
— Aam Aadmi Party Delhi (@AAPDelhi) September 8, 2026
अनुराग ढांडा ने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ना या हटाना एक निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत होना चाहिए। ऐसे में चुनाव आयोग को यह स्पष्ट करना चाहिए कि राजेंद्र नगर के संबंधित बूथ पर मतदाताओं की संख्या में बदलाव कैसे हुआ और राघव चड्ढा का नाम किस आधार पर जोड़ा गया।
यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब राघव चड्ढा के नाम को लेकर मतदाता सूची में बदलाव पर राजनीतिक विवाद पहले से जारी है। पंजाब की ड्राफ्ट मतदाता सूची में उनका नाम ‘Shifted’ के रूप में सामने आने के बाद भी राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप हुए हैं।
AAP का कहना है कि दिल्ली की मतदाता सूची में राघव चड्ढा के नाम की नई प्रविष्टि और 31 अगस्त के बाद हुए बदलाव की पूरी जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए, ताकि किसी भी तरह की आशंका दूर हो सके।