होशियारपुर में 298 करोड़ की लागत से बिजली व्यवस्था सुदृढ़ करने की बड़ी पहल
– विधायक ब्रम शंकर जिम्पा ने किया ‘ बाईफर्केशन ’ कार्यों का शुभारंभ
– कहा, अब नहीं रहेगा बिजली संकट, हर घर तक पहुंचेगी निर्बाध आपूर्ति
होशियारपुर, 8 अक्तूबर:
पंजाब सरकार के “रोशन पंजाब प्रोजेक्ट” के अंतर्गत जिले में 298 करोड़ रुपए की लागत से बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़े पैमाने पर बाईफर्केशन कार्यों की शुरुआत की गई है। इन कार्यों का शुभारंभ आज विधायक ब्रम शंकर जिम्पा ने 11 केवी सबस्टेशन, होशियारपुर में आयोजित समारोह में किया।
यह परियोजना पंजाब सरकार द्वारा पूरे राज्य में लगभग 5000 करोड़ रुपए की लागत से शुरू की गई है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने ऑनलाइन माध्यम से प्रदेशभर में एक साथ परियोजनाओं का शुभारंभ किया।
विधायक जिम्पा ने कहा कि “रोशन पंजाब प्रोजेक्ट” राज्य की बिजली व्यवस्था को नई दिशा देगा। उन्होंने बताया कि जिले में किए जा रहे 11 केवी फीडर के विभाजन ( बाईफर्केशन) कार्यों से बिजली लोड संतुलित होगा और उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब बिजली आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है, और आने वाले समय में राज्य में पावर कट का युग समाप्त हो जाएगा।
जिम्पा ने पावरकॉम विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिजली कर्मचारियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, और सभी आवश्यक सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार बिजली कर्मचारियों के हितों की रक्षा और उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
विधायक ने कहा कि “रोशन पंजाब परियोजना राज्य के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।” इससे न केवल बिजली की उपलब्धता बढ़ेगी बल्कि औद्योगिक क्षेत्र को भी बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि हर गांव और हर शहर तक चौबीसों घंटे निर्बाध बिजली पहुंचाकर “रोशन पंजाब” के सपने को साकार किया जाए।
इस अवसर पर मेयर सुरिंदर कुमार, चेयरमैन होशियारपुर कोऑपरेटिव बैंक विक्रम शर्मा बॉबी, संजय शर्मा उप प्रधान, कामरेड गंगा प्रसाद, इंजीनियर संदीप शर्मा, इंजीनियर बलविंदर सिंह, इंजीनियर जसविंदर सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति
भी उपस्थित थे।