Table of Contents
आशा भोंसले के निधन के बाद उनकी पोती ज़नाई भोंसले ने एक भावुक पत्र लिखा है। उन्होंने अपनी दादी को ‘पार्टनर इन क्राइम’ बताते हुए उनके साथ बिताए यादगार पलों को साझा किया।
दिग्गज गायिका आशा भोंसले के निधन से न केवल संगीत जगत, बल्कि उनके परिवार पर भी दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। 12 अप्रैल को उनके निधन के बाद, कल मुंबई में उनका अंतिम संस्कार किया गया। अब उनकी पोती ज़नाई भोंसले ने अपनी दादी और ‘सबसे अच्छी दोस्त’ को याद करते हुए एक ऐसा संदेश लिखा है, जिसे पढ़कर प्रशंसकों का दिल टूट गया है।
“अब सुबह उठकर किसे गले लगाऊंगी?
14 अप्रैल को ज़नाई ने अपने इंस्टाग्राम पर आशा भोंसले के साथ एक पुराना और प्यारा वीडियो साझा किया। इस वीडियो में आशा ताई अपना मशहूर गाना ‘दिल चीज़ क्या है’ गुनगुनाती नजर आ रही हैं और फिर ज़नाई के साथ ठहाके मारकर हंसने लगती हैं।
इस वीडियो के साथ ज़नाई ने एक बेहद इमोशनल कैप्शन लिखा:
“आज सुबह जब मैं सोकर उठी, तो मुझे अहसास हुआ कि मैंने अपनी पार्टनर इन क्राइम, अपनी सबसे अच्छी दोस्त और उस इंसान को खो दिया है जिसने मेरी दुनिया पूरी की थी। वह पहली इंसान थीं, जिन्होंने मेरे जन्म के समय मुझे गोद में पकड़ा था।”
ज़नाई ने अपने अकेलेपन का दर्द बयां करते हुए आगे लिखा, “अब मैं क्या करूं? मैं सुबह उठकर अब किसे गले लगाऊंगी और किसके साथ चाय पियूंगी? जब मैं घर आऊंगी, तो मेरा इंतज़ार कौन करेगा और मैं किसके साथ घटिया जोक्स पर हंसूंगी?”
हंसी और जीवन की परिभाषा थीं आशा ताई
ज़नाई ने उन सभी लोगों को भी सांत्वना दी जो उनकी दादी के जाने से दुखी हैं। उन्होंने लिखा कि आशा भोंसले ‘जीवन और हंसी’ (Life and Laughter) की सच्ची परिभाषा थीं। उन्होंने प्रशंसकों से अपील की कि वे उन्हें हमेशा मुस्कुराते हुए ही याद रखें।
ज़नाई ने विश्वास जताते हुए अंत में लिखा, “वह ऊपर से हम सबको और खासकर अपने परिवार को देख रही हैं। मुझे यकीन है कि वह मेरे पास बहुत जल्द वापस आएंगी, क्योंकि उन्होंने मुझसे हमेशा यही वादा किया था।