Table of Contents
अभिनेत्री तब्बू ने आशा भोंसले के साथ अपनी यादगार तस्वीरें शेयर की हैं। जानें आशा जी ने तब्बू को जन्मदिन पर क्या गिफ्ट दिया और एक्ट्रेस ने उनके लिए क्या भावुक संदेश लिखा।
बॉलीवुड की वर्सेटाइल अभिनेत्री तब्बू (Tabu) ने मंगलवार दोपहर सोशल मीडिया पर अपने जीवन के सबसे यादगार और भावुक पलों में से एक को साझा किया। तब्बू ने बताया कि महान गायिका आशा भोंसले (Asha Bhosle) ने उन्हें उनके जन्मदिन पर एक बेहद खास तोहफा दिया है, जिसे वह ताउम्र संभालकर रखेंगी।
आशा जी ने तोहफे में दिया गिटार
तब्बू ने इंस्टाग्राम पर आशा भोंसले के साथ अपनी कुछ खूबसूरत तस्वीरें साझा कीं। इन तस्वीरों में तब्बू, आशा जी के प्रति अपना प्यार और सम्मान जाहिर करते हुए उनके हाथों को चूमती और उन्हें गले लगाती नजर आ रही हैं। एक तस्वीर में आशा भोंसले वह गिटार पकड़े हुए दिखाई दे रही हैं, जो उन्होंने तब्बू को गिफ्ट किया है।
तब्बू ने इस पल को याद करते हुए एक दिल छू लेने वाला नोट लिखा
“मुझे अपने सबसे यादगार दिनों के बारे में बताओ.. उन पलों के बारे में बताओ जिन्हें आप कभी नहीं भूलेंगे। नवंबर में मेरा जन्मदिन था और मेरे दरवाजे पर यह खूबसूरती आई.. यह गिटार.. आशा जी का मेरे लिए तोहफा।”
“शब्दों में बयां नहीं कर सकती आभार”
तब्बू ने आगे लिखा कि आशा जी के गानों के जरिए हमने प्यार, तड़प, दर्द और जुनून को महसूस किया है। उन्होंने कहा, “आशा जी, मैं आपको जितना बता सकती हूँ, उससे कहीं ज्यादा आपसे प्यार और आपकी प्रशंसा करती हूँ। मैं इसे जीवन भर संभालकर रखूंगी और उम्मीद है कि जल्द ही मैं इस गिटार पर आपके ही गाने आपको सुना सकूँगी।”
वर्कफ्रंट पर तब्बू और अक्षय कुमार की जोड़ी
पिछले तीन दशकों से अपनी एक्टिंग का लोहा मनवा रहीं तब्बू जल्द ही बड़े पर्दे पर धमाका करने वाली हैं। वह अपनी आगामी फिल्म ‘भूत बंगला’ (Bhoot Bangla) की तैयारी में हैं, जिसमें वह लंबे समय बाद अक्षय कुमार के साथ नजर आएंगी। इस फिल्म को लेकर फैंस के बीच काफी उत्साह है।