Rajasthan News: शासन सचिव रवि जैन ने मानसून की तैयारियों का जायजा लिया, जलभराव रोकने के लिए नालों की सफाई, पंपिंग मशीनों की उपलब्धता और आपदा नियंत्रण के इंतजामों पर जोर दिया। जयपुर के जलभराव प्रभावित इलाकों का भी निरीक्षण किया गया।
Rajasthan News: स्वायत्त शासन विभाग के नए शासन सचिव श्री रवि जैन ने कार्यभार ग्रहण करने के तुरंत बाद ही मानसून से पूर्व तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बुधवार को नगर निकायों एवं विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई इस बैठक में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नालों की सफाई, पंपिंग मशीनों की उपलब्धता, आपदा नियंत्रण संसाधनों की व्यवस्था जैसे विषयों पर गहन समीक्षा की गई।
श्री रवि जैन ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बारिश के मौसम में आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभागीय तैयारियाँ समय रहते पूरी की जाएं। उन्होंने खुले खड्डों को जल्द से जल्द भरने और रोजाना कार्य प्रगति रिपोर्ट साझा करने के आदेश भी दिए। शासन सचिव ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता जनता के जीवन को सुरक्षित और सुगम बनाना है।
डीएलबी निदेशक एवं विशिष्ट सचिव श्री इंद्रजीत सिंह ने जलभराव वाले क्षेत्रों में पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम और सुरक्षा साइन बोर्ड लगाने पर जोर दिया ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना रोकी जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि स्थानीय निकायों में नियंत्रण कक्ष स्थापित कर पहले से जलभराव वाले खतरनाक इलाकों की पहचान कर तैयारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक के बाद शासन सचिव रवि जैन, डीएलबी निदेशक इंद्रजीत सिंह, नगर निगम ग्रेटर के आयुक्त गौरव सैनी और नगर निगम हेरिटेज की आयुक्त डॉ. निधि पटेल ने जवाहर नगर की कच्ची बस्ती, जयपुर एयरपोर्ट समेत अन्य जलभराव प्रभावित इलाकों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नालों की सफाई, जल निकासी की व्यवस्था तथा आपातकालीन तैयारियों का जायजा लिया गया।
For more news: Rajasthan