Punjab News: चंडीगढ़ में राज्य स्तरीय NGO सम्मेलन में डॉ. बलबीर सिंह ने स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने पर जोर दिया। 69 रक्तदान संस्थाओं को सम्मानित किया गया।
पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने चंडीगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय NGO सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। सम्मेलन में उन्होंने सामाजिक सेवा, स्वैच्छिक रक्तदान और रक्त सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपने विचार साझा किए। इस दौरान प्रदेश में स्वेच्छा से रक्तदान करने वाले लोगों की बढ़ती संख्या पर खुशी जताते हुए उन्होंने युवाओं और सामाजिक संस्थाओं से इस अभियान को और मजबूत करने का आह्वान किया।
69 स्वैच्छिक रक्तदान संस्थाएं सम्मानित
राज्य स्तरीय सम्मेलन के दौरान अलग-अलग जिलों में स्वैच्छिक रक्तदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 69 NGO संस्थाओं को सम्मानित किया गया। डॉ. बलबीर सिंह ने सामाजिक संस्थाओं और स्वयंसेवकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंद मरीजों के लिए स्वैच्छिक रक्तदाता जीवन बचाने वाली महत्वपूर्ण कड़ी हैं।
पंजाब में बढ़ रहा स्वैच्छिक रक्तदान
ਕੈਬਿਨੇਟ ਮੰਤਰੀ @AAPbalbir ਨੇ ਅੱਜ ਚੰਡੀਗੜ੍ਹ ਵਿਖੇ ਇਕ ਸੂਬਾ ਪੱਧਰੀ ਐੱਨਜੀਓ ਕਾਨਫ਼ਰੰਸ ਆਫ਼ ਪੰਜਾਬ ‘ਚ ਮੁੱਖ ਮਹਿਮਾਨ ਦੇ ਤੌਰ ‘ਤੇ ਸ਼ਿਰਕਤ ਕੀਤੀ। ਇਸ ਦੌਰਾਨ ਉਨ੍ਹਾਂ ਸਮਾਜ ਸੇਵਾ ਅਤੇ ਖ਼ੂਨਦਾਨ ਨਾਲ਼ ਜੁੜੇ ਅਹਿਮ ਮੁੱਦਿਆਂ ’ਤੇ ਵਿਚਾਰ ਸਾਂਝੇ ਕੀਤੇ ਅਤੇ ਸਵੈ-ਇੱਛਾ ਨਾਲ਼ ਖ਼ੂਨਦਾਨ ਕਰਨ ਵਾਲ਼ੇ ਵਲੰਟੀਅਰਾਂ ਦੀ ਵਧ ਰਹੀ ਗਿਣਤੀ ‘ਤੇ ਖ਼ੁਸ਼ੀ… pic.twitter.com/kDpWlz1gzj
— AAP Punjab (@AAPPunjab) August 20, 2026
डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि पंजाब में नियमित और स्वैच्छिक रक्तदान की मजबूत संस्कृति विकसित हुई है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025-26 में राज्य में 5,44,167 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। वहीं अप्रैल से जुलाई 2026 के बीच 2,065 स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों के माध्यम से 1,84,194 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। इस अवधि में स्वैच्छिक रक्तदान की हिस्सेदारी 96.04 प्रतिशत रही।
ब्लड सेफ्टी सिस्टम को आधुनिक बनाने पर जोर
सम्मेलन में स्वास्थ्य मंत्री ने पंजाब में रक्त सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल की जानकारी भी दी। राज्य में Nucleic Acid Testing (NAT) और Chemiluminescence Immunoassay (CLIA) जैसी उन्नत जांच तकनीकों को अपनाने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। इन तकनीकों से HIV, Hepatitis B और Hepatitis C जैसे संक्रमणों की शुरुआती पहचान में मदद मिलती है।
शहरवार डिजिटल ब्लड डोनर डायरेक्टरी बनाने की अपील
डॉ. बलबीर सिंह ने आपात स्थिति में जरूरतमंद मरीजों तक सही ब्लड ग्रुप के डोनर को तेजी से पहुंचाने के लिए शहरवार डिजिटल रक्तदाता डायरेक्टरी तैयार करने पर भी जोर दिया। उनका कहना था कि इससे जरूरत के समय संबंधित ब्लड ग्रुप के रक्तदाताओं को तुरंत संपर्क किया जा सकेगा और अनावश्यक रूप से अधिक लोगों को रक्तदान शिविरों में बुलाने की जरूरत भी कम होगी।
रक्तदान के साथ अंगदान के लिए भी आगे आने की अपील
स्वास्थ्य मंत्री ने युवाओं और आम लोगों से रक्तदान के साथ-साथ अंगदान का संकल्प लेने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि ब्रेन डेड मरीजों के अंगदान से कई गंभीर मरीजों को नया जीवन मिल सकता है। उन्होंने समाज और सामाजिक संस्थाओं से अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहयोग करने का आह्वान किया।
डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि सामाजिक संस्थाओं और स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी से पंजाब में रक्तदान की मुहिम को और मजबूत किया जा सकता है। राज्य सरकार का उद्देश्य रक्त की उपलब्धता के साथ-साथ इसकी सुरक्षा और आपातकालीन जरूरतों के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करना है।