उत्तर प्रदेश सरकार ने अयोध्या के पवित्र स्थलों जैसे रामपथ, धर्मपथ, भक्तिपथ, और परिक्रमा मार्गों पर नॉनवेज की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर नगर निगम ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या की धार्मिक गरिमा और पवित्रता को बनाए रखने के लिए बड़ा फैसला लिया है। अब रामपथ, धर्मपथ, भक्तिपथ, 14 कोसी परिक्रमा मार्ग और पंचकोसी परिक्रमा मार्ग पर मांस और मछली (नॉनवेज) की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। यह कदम सीएम योगी द्वारा मिले जनता दरबार और पोर्टल पर की गई शिकायतों के आधार पर उठाया गया है।
अयोध्या में नॉनवेज बिक्री पर सख्ती: 7 दिनों की मोहलत
नगर निगम और खाद्य विभाग की टीम ने बुधवार को अयोध्या कैंट के सहादतगंज से लेकर लता मंगेशकर चौक तक करीब 13 किलोमीटर लंबे रामपथ का निरीक्षण किया। इस दौरान सभी नॉनवेज दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी गई कि वे 7 दिनों के भीतर अपनी दुकानें बंद कर दें। अगर समयसीमा के अंदर दुकानें नहीं हटाई गईं तो नगर निगम का प्रवर्तन दल सख्त कार्रवाई करेगा।
सहायक खाद्य आयुक्त मानिक चंद सिंह ने बताया कि दुकानदारों को मानवीय दृष्टिकोण से सात दिन का समय दिया गया है ताकि वे अपना बचा हुआ माल निपटा सकें। नगर निगम ने महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी की अगुवाई में नॉनवेज प्रतिबंध का प्रस्ताव पारित कर इस पर त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है।
राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के बाद दर्शन होंगे सीमित
राम जन्मभूमि मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के बाद से वहां नियमित पूजन-अर्चन शुरू हो जाएगा। हालांकि आम श्रद्धालुओं के लिए दर्शन की तारीख अभी तय नहीं हुई है। राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि 5 जून को मंदिर को खोलने की योजना थी, लेकिन निर्माण कार्य अभी बाकी है, जैसे कि परकोटा जोड़ने, मलबा हटाने और सफाई का कार्य।
प्रारंभिक चरण में हर घंटे केवल 50 श्रद्धालुओं को दर्शन की अनुमति दी जाएगी, जिससे एक दिन में लगभग 800 श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे। राम दरबार के ऊपर का शिखर और कलश स्वर्णजड़ित हो चुके हैं, और सभी मंदिर शिखरों पर ध्वज भी स्थापित कर दिए गए हैं।
अयोध्या की धार्मिक गरिमा की रक्षा राज्य सरकार की प्राथमिकता: सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहले भी कई बार स्पष्ट किया है कि अयोध्या की धार्मिक पवित्रता बनाए रखना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। नॉनवेज बिक्री पर प्रतिबंध इसी दिशा में एक बड़ा कदम है। नगर निगम और अन्य प्रशासनिक विभाग लगातार निरीक्षण कर रहे हैं ताकि पवित्र स्थलों की शुद्धता बनी रहे और श्रद्धालुओं को एक पवित्र वातावरण मिल सके।
For more news: UP