हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मानेसर में शहरी स्थानीय निकायों के राष्ट्रीय सम्मेलन में विकसित भारत 2047 के विजन को लेकर योजनाओं का खुलासा किया। जानें हरियाणा सरकार की रणनीतियों के बारे में।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार, 3 जुलाई को मानेसर में आयोजित शहरी स्थानीय निकायों के पहले राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि यह सम्मेलन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 विजन को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मुख्यमंत्री ने स्थानीय निकायों की भूमिका को लोकतंत्र की नींव बताते हुए उनके सशक्तिकरण पर जोर दिया।
हरियाणा का विजन-2047: 1 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था और 50 लाख रोजगार
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार ने विजन-2047 के तहत 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था और 50 लाख नए रोजगार सृजन का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने कहा, “विकसित भारत तभी संभव है जब हमारे नगर और नगरीय निकाय सशक्त, पारदर्शी और तकनीकी रूप से उन्नत हों।”
5 आधुनिक स्मार्ट सिटी बनाने की योजना
सीएम सैनी ने कहा कि गुरुग्राम को शहरी विकास का मॉडल मानते हुए, केएमपी कॉरिडोर के साथ पंचग्राम योजना के तहत 5 अत्याधुनिक स्मार्ट शहर बसाने की योजना बनाई गई है। यह प्रोजेक्ट वर्ष 2050 तक 75 लाख की आबादी को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है।
ई-गवर्नेंस और डिजिटल पोर्टल्स से सशक्त हो रहे निकाय
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि राज्य में सभी नगर निगमों में डिजिटल गवर्नेंस को लागू किया गया है। AI तकनीक, ऑनलाइन टैक्स भुगतान, संपत्ति कर प्रबंधन, ठोस कचरा प्रबंधन, और नगर दर्शन पोर्टल जैसी सुविधाएं नागरिकों को तेजी से सेवाएं देने में सहायक साबित हो रही हैं।
ग्रीन एक्शन प्लान और स्वच्छता पर विशेष जोर
सीएम सैनी ने कहा, “हमारी सरकार का मंत्र है—विकास भी और पर्यावरण भी। इसलिए रेन वॉटर हार्वेस्टिंग, ग्रीन बिल्डिंग्स, सोलर एनर्जी, और इलेक्ट्रिक वाहनों को प्राथमिकता दी जा रही है।”
हर निकाय को एक ग्रीन एक्शन प्लान तैयार करना होगा ताकि जल संकट और प्रदूषण जैसी समस्याओं से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
स्वच्छता को बनाएं संस्कार का हिस्सा
सीएम ने स्वच्छ भारत मिशन के तीसरे चरण को “स्वच्छता संस्कार” का नाम दिया और कहा कि अब 100% वेस्ट सेग्रीगेशन, बायो-CNG, और सर्कुलर इकोनॉमी को बढ़ावा देना होगा। उन्होंने कहा कि पीएम आवास योजना के तहत हरियाणा में बड़ी संख्या में गरीबों को पक्के मकान दिए जा रहे हैं।
श्रमिकों के लिए बनाईं गईं डॉर्मेट्री यूनिट्स
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि हरियाणा के कुंडली और मानेसर औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिकों के लिए 148 डॉर्मेट्री यूनिट्स का निर्माण किया गया है ताकि श्रमिकों को सम्मानजनक जीवन और बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
For more news: Haryana