बिटकॉइन की कीमत करीब 5 प्रतिशत बढ़कर 81,000 डॉलर के पार पहुंच गई है। अब 82,000-82,500 डॉलर का स्तर अहम है, जबकि क्रिप्टो बाजार पूंजीकरण 2.8 ट्रिलियन डॉलर के ऊपर पहुंचा।
क्रिप्टोकरेंसी बाजार में पिछले एक सप्ताह के दौरान तेजी देखने को मिली है और Bitcoin ने इस दौरान करीब 5 प्रतिशत की बढ़त दर्ज करते हुए 81,000 डॉलर के स्तर को दोबारा हासिल कर लिया है। सप्ताह की शुरुआत में बिटकॉइन की कीमत कुछ समय के लिए 75,000 डॉलर के नीचे चली गई थी, लेकिन इसके बाद बाजार में सुधार देखने को मिला। व्यापक क्रिप्टो बाजार में बेहतर धारणा और निवेशकों की बढ़ती सक्रियता ने इस रिकवरी को समर्थन दिया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, Bitcoin करीब 81,278 डॉलर के आसपास कारोबार कर रहा था और दिन के दौरान इसकी कीमत लगभग 80,850 डॉलर से 82,100 डॉलर के बीच रही।
$82,000-$82,500 का स्तर क्यों है अहम?
Bitcoin अब 82,000 से 82,500 डॉलर के महत्वपूर्ण प्रतिरोध क्षेत्र के करीब पहुंच गया है। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, इस स्तर के ऊपर टिकाऊ तेजी आने वाले कारोबार की दिशा के लिए महत्वपूर्ण हो सकती है। वहीं, अगर इस क्षेत्र में बिकवाली का दबाव बढ़ता है तो Bitcoin एक बार फिर सीमित दायरे में कारोबार कर सकता है।
Mudrex के हेड ऑफ बिजनेस प्रतीक गुप्ता के मुताबिक, हालिया तेजी के पीछे कई कारण रहे हैं। उन्होंने बताया कि नियामकीय घटनाक्रम, संस्थागत मांग में सुधार और शॉर्ट कवरिंग ने Bitcoin की कीमत को समर्थन दिया है। उनके अनुसार, सप्ताह के दौरान Bitcoin 75,000 डॉलर से नीचे के स्तर से बढ़कर 81,000 डॉलर के ऊपर पहुंच गया।
नियामकीय घटनाक्रम से बाजार धारणा में सुधार
क्रिप्टो बाजार में हालिया तेजी को कुछ नियामकीय घटनाक्रमों से भी जोड़कर देखा जा रहा है। Mudrex के अनुसार, अमेरिकी Securities and Exchange Commission यानी SEC की टोकनाइज्ड स्टॉक ट्रेडिंग से संबंधित छूट और Commodity Futures Trading Commission यानी CFTC की नई क्रिप्टो प्रस्तावों ने बाजार की धारणा को प्रभावित किया।
इन प्रस्तावों को व्हाइट हाउस की समीक्षा के लिए भेजे जाने की जानकारी भी सामने आई है। बाजार में सकारात्मक धारणा बनने से Bitcoin समेत अन्य डिजिटल परिसंपत्तियों में खरीदारी बढ़ी। इसके अलावा तेल की कीमतों में तेज उतार-चढ़ाव के कारण शॉर्ट पोजीशन बंद होने से भी Bitcoin की कीमत को गति मिलने की बात कही गई है।
Bitcoin ETF में लौटा निवेश
Bitcoin की कीमत में सुधार के बीच Spot Bitcoin ETF में भी साप्ताहिक स्तर पर नेट इनफ्लो दोबारा सकारात्मक हुआ। Mudrex के अनुसार, शुक्रवार को इन उत्पादों में करीब 433 मिलियन डॉलर का निवेश आया। संस्थागत निवेशकों की भागीदारी को क्रिप्टो बाजार में धारणा सुधारने वाले प्रमुख कारकों में से एक माना जा रहा है।
ETF के जरिए Bitcoin में निवेश का रास्ता पारंपरिक निवेशकों के लिए अपेक्षाकृत आसान हुआ है। ऐसे में ETF में लगातार निवेश प्रवाह रहने पर Bitcoin की कीमत और व्यापक क्रिप्टो बाजार की गतिविधियों पर इसका असर देखा जा सकता है।
Golden Cross से तकनीकी संकेत
तकनीकी संकेतकों की बात करें तो Bitcoin के 50-day moving average ने 200-day moving average को ऊपर की ओर पार किया है। इसे तकनीकी विश्लेषण में “Golden Cross” कहा जाता है। प्रतीक गुप्ता के अनुसार, यह पैटर्न ऐतिहासिक रूप से कुछ ऐसे दौर में भी देखा गया है जब बाजार गिरावट के बाद निचले स्तर पर आधार बनाने के चरण में था।
हालांकि, तकनीकी संकेत किसी कीमत की निश्चित दिशा की गारंटी नहीं देते। Bitcoin के लिए 83,000 से 85,000 डॉलर का क्षेत्र अगला प्रमुख प्रतिरोध बताया गया है, जबकि 77,700 डॉलर के आसपास सपोर्ट महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कुल क्रिप्टो बाजार पूंजीकरण $2.8 ट्रिलियन के पार
Bitcoin के साथ-साथ व्यापक क्रिप्टो बाजार में भी सुधार देखने को मिला। CoinSwitch के अनुसार, कुल क्रिप्टो बाजार पूंजीकरण दोबारा 2.8 ट्रिलियन डॉलर के ऊपर पहुंच गया और तेजी के दौरान 2.9 ट्रिलियन डॉलर के करीब भी गया।
इस दौरान कई Altcoins ने Bitcoin से बेहतर प्रदर्शन किया। Hyperliquid और Zcash में करीब 36 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई और दोनों ने नए उच्च स्तर बनाए। Ethereum में भी मजबूती देखने को मिली। बाजार में Altcoins की भागीदारी बढ़ना व्यापक बाजार धारणा में सुधार का संकेत माना जा रहा है।
$85,000 से $90,000 तक जा सकती है तेजी?
ZebPay के हेड ऑफ ट्रेड हरीश वत्नानी के अनुसार, Bitcoin के दैनिक चार्ट पर फिलहाल तेजी की संरचना बनी हुई है। उनके मुताबिक Bitcoin ने पहले 58,000 से 67,000 डॉलर के बीच आधार बनाया और 67,000 डॉलर के प्रतिरोध को मजबूत वॉल्यूम के साथ पार किया। इसके बाद कीमत 82,000-83,000 डॉलर क्षेत्र तक पहुंची और फिर 76,000 से 82,000 डॉलर के बीच समेकन में रही।
उनके अनुसार, 82,000-82,500 डॉलर के ऊपर मजबूत दैनिक ब्रेकआउट और बढ़ते वॉल्यूम के साथ तेजी की अगली पुष्टि हो सकती है। ऐसी स्थिति में 85,000 डॉलर और उसके बाद 88,000-90,000 डॉलर के स्तर तकनीकी लक्ष्य के रूप में देखे जा रहे हैं।
गिरावट की स्थिति में ये स्तर महत्वपूर्ण
दूसरी ओर, अगर Bitcoin 80,000-80,500 डॉलर के नीचे जाता है तो अल्पकालिक तेजी कमजोर पड़ सकती है। वत्नानी के मुताबिक ऐसी स्थिति में 76,000-76,500 डॉलर का सपोर्ट क्षेत्र दोबारा महत्वपूर्ण हो सकता है। इसके नीचे टिकाऊ गिरावट आने पर 73,000-74,000 डॉलर का क्षेत्र अगला सपोर्ट बन सकता है।
अगर गिरावट और गहरी होती है तो 67,000-68,000 डॉलर का पिछला ब्रेकआउट क्षेत्र फिर चर्चा में आ सकता है। इसलिए मौजूदा समय में Bitcoin निवेशकों की नजर 82,000-82,500 डॉलर के प्रतिरोध और 80,000 डॉलर के आसपास के सपोर्ट पर बनी हुई है। क्रिप्टो बाजार में कीमतों की तेज अस्थिरता को देखते हुए तकनीकी स्तरों के साथ नियामकीय फैसलों, ETF प्रवाह और वैश्विक आर्थिक घटनाक्रम भी बाजार की दिशा के लिए महत्वपूर्ण रहेंगे।