हरियाणा सरकार ने पुलिस कांस्टेबल भर्ती प्रक्रिया में पूर्व अग्निवीरों के लिए खास आरक्षण और छूट का ऐलान किया है। अब हरियाणा पुलिस कांस्टेबल भर्ती में अग्निवीरों को 20 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा। साथ ही, फिजिकल स्क्रीनिंग टेस्ट (पीएसटी) में भी उन्हें विशेष छूट दी जाएगी, जिससे उनकी भर्ती प्रक्रिया और आसान हो सकेगी।
सरकार ने मानव संसाधन विभाग के निर्देशानुसार, राज्य के पूर्व अग्निवीरों को ग्रुप बी की नौकरियों में 1%, ग्रुप सी में 5%, वन विभाग में 10% और पुलिस कांस्टेबल पदों पर 20% आरक्षण सुनिश्चित किया है। यह आरक्षण सभी श्रेणियों जैसे अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग (बीसी-ए व बीसी-बी), आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) और सामान्य वर्ग पर लागू होगा।
Also Read: मनीषा मर्डर केस: हरियाणा में बढ़ा आक्रोश, सड़क जाम,…
इसके अलावा, पुलिस कांस्टेबल, फॉरेस्ट गार्ड, वार्डर और माइनिंग गार्ड जैसे पदों पर भर्ती के दौरान पूर्व अग्निवीरों को पीएसटी में छूट मिलेगी। इससे पहले सरकार ने उन्हें कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) से भी छूट दी है। हालांकि, चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा देना अनिवार्य रहेगा।
हरियाणा सरकार का यह निर्णय पूर्व अग्निवीरों को रोजगार के बेहतर अवसर और सम्मानजनक जीवन प्रदान करने के उद्देश्य से लिया गया है। साथ ही, अगर किसी श्रेणी में योग्य पूर्व अग्निवीर उपलब्ध नहीं होता है, तो उस आरक्षित सीट को संबंधित वर्ग के अन्य योग्य उम्मीदवारों को दिया जाएगा।
यह नया आरक्षण नीति हरियाणा में अग्निवीरों के लिए एक बड़ा प्रोत्साहन साबित होगी और उनकी भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी व सहज बनाएगी।