अरविंद केजरीवाल ने 1 अगस्त को दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में E20 पेट्रोल के खिलाफ ‘नेशनल टाउनहॉल’ बुलाई है। जानें पूरा शेड्यूल और जुड़ने का तरीका।
आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार द्वारा देश भर में लागू किए गए E20 (20% एथनॉल मिश्रित) पेट्रोल के अनिवार्य इस्तेमाल के खिलाफ एक बड़े राष्ट्रीय आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। केजरीवाल ने 1 अगस्त 2026 (शनिवार) को राजधानी दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में ‘नेशनल टाउनहॉल अगेंस्ट E20’ (National Townhall Against E20) आयोजित करने का ऐलान किया है।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जिस तरह देश के युवाओं की एकजुटता और आंदोलन के आगे झुकते हुए केंद्र सरकार के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा, ठीक उसी तरह देश की जनता को E20 पेट्रोल के खिलाफ भी एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करनी होगी।
E20 पेट्रोल से जनता परेशान, घट रहा माइलेज और खराब हो रहे वाहन
देश के युवाओं ने एक होकर आवाज़ उठाई तो धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफ़ा देना पड़ा। E20 पर भी हमें एक होकर आवाज़ उठानी पड़ेगी।
इस शनिवार हम ‘नेशनल टाउनहॉल अगेंस्ट E20’ आयोजित कर रहे हैं, जिसमें शामिल होकर आप E20 पर अपनी बात रख सकते हैं। आप इसमें ऑनलाइन भी शामिल हो सकते हैं। आप सभी… pic.twitter.com/PacK9aVocX
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) July 27, 2026
प्रेस वार्ता एवं सोशल मीडिया के जरिए जनता को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि E20 पेट्रोल के अनिवार्य होने से 2023 से पहले बने वाहनों के मालिकों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। गाड़ियों का माइलेज 10 से 15 प्रतिशत तक गिर चुका है, इंजन खराब हो रहे हैं और मेंटेनेंस का खर्च बढ़ गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार जबरन जनता पर E20 पेट्रोल थोप रही है और पेट्रोल पंपों पर नॉर्मल (100% प्योर) पेट्रोल का विकल्प ही खत्म कर दिया गया है। जब E20 पेट्रोल का माइलेज कम है, तो उसकी कीमतें भी कम होनी चाहिए, लेकिन सरकार जनता की जेब काटने में लगी हुई है।
ऑनलाइन और ऑफलाइन जुड़ सकेंगे नागरिक: 1 अगस्त को कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में जुटेंगे विशेषज्ञ
अरविंद केजरीवाल ने देश के सभी प्रभावित वाहन चालकों, विशेषज्ञों और आम नागरिकों को इस टाउनहॉल में शामिल होने का न्योता दिया है।
- तारीख: 1 अगस्त, 2026 (शनिवार)
- समय: सुबह 11:30 बजे
- स्थान: कॉन्स्टिट्यूशन क्लब, नई दिल्ली
दिल्ली-एनसीआर के लोग सीधे आयोजन स्थल पर आकर अपनी बात रख सकते हैं, जबकि देश के अन्य हिस्सों के नागरिक ऑनलाइन माध्यम से इस टाउनहॉल में भाग ले सकते हैं। केजरीवाल ने बताया कि E20 पेट्रोल को वैकल्पिक बनाने की मांग को लेकर चलाए जा रहे ऑनलाइन पिटीशन पर अब तक 2 लाख से ज्यादा लोग हस्ताक्षर कर चुके हैं। इस टाउनहॉल के बाद वे जनता के इन हस्ताक्षरों को लेकर प्रधानमंत्री के समक्ष मांग पत्र प्रस्तुत करेंगे।