अभिषेक शर्मा ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 18 गेंदों में अर्धशतक जड़कर इतिहास रच दिया। वह आईपीएल में 5 बार 20 गेंदों से कम में 50 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज हैं
सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के सलामी बल्लेबाज और टी20 इंटरनेशनल के नंबर 1 बैटर अभिषेक शर्मा ने शनिवार, 11 अप्रैल को आईपीएल इतिहास के पन्नों में अपना नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज करा लिया। पंजाब किंग्स के खिलाफ महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेलते हुए अभिषेक ने वह कारनामा कर दिखाया जो आज तक दुनिया का कोई भी क्रिकेटर नहीं कर सका।
अभिषेक शर्मा का ऐतिहासिक रिकॉर्ड
25 वर्षीय बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने महज 18 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। इसी के साथ वह आईपीएल में 5 बार 20 गेंदों से कम में अर्धशतक जड़ने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं।
अभिषेक ने अपनी इस तूफानी पारी के दौरान पांचवें ओवर की चौथी गेंद पर विजयकुमार वैशाख को छक्का जड़कर अपना पचासा पूरा किया। उनके पिछले रिकॉर्ड्स पर नजर डालें तो उन्होंने एक बार 16 गेंदों में, एक बार 18 गेंदों में और दो बार 19 गेंदों में अर्धशतक बनाए हैं।
आईपीएल में सबसे ज्यादा ‘सब-20’ अर्धशतक (20 गेंदों से कम)
अभिषेक शर्मा ने इस सूची में निकोलस पूरन को पीछे छोड़ दिया है। टॉप बल्लेबाजों की सूची नीचे दी गई है:
आईपीएल में सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड
हालांकि सबसे ज्यादा बार तेज अर्धशतक जड़ने का रिकॉर्ड अभिषेक के नाम है, लेकिन आईपीएल इतिहास का सबसे तेज अर्धशतक अभी भी यशस्वी जायसवाल के नाम दर्ज है।
- यशस्वी जायसवाल: 13 गेंद (बनाम KKR, 2023)
- केएल राहुल, पैट कमिंस, रोमारियो शेफर्ड: 14 गेंद
- यूसुफ पठान, सुनील नरेन, निकोलस पूरन, जेक फ्रेजर-मैकगर्क और वैभव सूर्यवंशी: 15 गेंद
एक खास उपलब्धि: ऑस्ट्रेलिया के जेक फ्रेजर-मैकगर्क और भारत के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी आईपीएल इतिहास के केवल दो ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 15 या उससे कम गेंदों में एक से ज्यादा बार अर्धशतक जमाए हैं।