दिल्ली एयरपोर्ट पर चल रहे कामों को देखते हुए केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने एक महत्वपूर्ण बैठक की। मंत्री राम मोहन नायडू ने यात्रियों की सुविधा को पहली प्राथमिकता दी।
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने दिल्ली एयरपोर्ट पर चल रहे रनवे 10/28 उन्नयन कार्य और अप्रत्याशित पूर्वी हवाओं के प्रभाव को देखते हुए एक महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता की। एयरपोर्ट संचालन से जुड़े सभी महत्वपूर्ण पक्षकार इस बैठक में उपस्थित हुए।
नागर विमानन मंत्रालय के सचिव वुमलुनमंग वुअलनाम, एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) के चेयरमैन विपिन कुमार, DGCA के महानिदेशक फैज अहमद किदवई, दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL), सभी प्रमुख एयरलाइंसों और CISF के प्रतिनिधियों ने इस बैठक में भाग लिया।
यात्रियों की सुविधा को बताया गया सबसे महत्वपूर्ण
मंत्री राम मोहन नायडू ने बैठक के दौरान वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा कि यात्रियों को कम से कम असुविधा होना सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी पक्षों को निर्देश दिया कि वे समन्वय के साथ काम करें और मौसम की संभावित चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए एक मजबूत योजना बनाएँ।
मंत्री राम मोहन नायडू ने कहा कि हवाई अड्डे का संचालन निर्बाध रूप से चलता रहे, इसके लिए सभी एजेंसियों को पहले से तैयार रहना होगा। उन्होंने मौसम पूर्वानुमानों के अनुसार समय पर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए, साथ ही उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने की भी सलाह दी।
रनवे को समय पर अपग्रेड करने के निर्देश
उन्होंने कर्मचारियों की तैयारी पर बल देते हुए ATC और AAI टीमों से कहा कि वे अपने अनुभव का पूरा उपयोग करें ताकि एक रनवे बंद होने पर संचालन प्रभावित न हो। मंत्री राम मोहन नायडू ने भरोसा व्यक्त किया, “मुझे पूरा भरोसा है कि सभी की संयुक्त कोशिशों और मजबूत समन्वय से दिल्ली एयरपोर्ट इन चुनौतियों के बावजूद यात्रियों को विश्वस्तरीय अनुभव देना जारी रखेगा।”
यात्रियों को असुविधा न होने के लिए बैठक में समय पर और पारदर्शी संवाद बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। अंत में, मंत्री राम मोहन नायडू ने यह सुनिश्चित किया कि रनवे उन्नयन कार्य समय पर पूरा हो और एयरलाइंस और यात्रियों को कम से कम समस्या का सामना करना पड़े।
For more news: Delhi