केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव ने अलवर में समर कैम्प में बालिकाओं का उत्साहवर्धन किया। खेलों में पूर्ण मनोयोग से लक्ष्य प्राप्ति पर जोर, सामाजिक संदेश के साथ नाट्य प्रस्तुति भी हुई प्रस्तुत।
केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने बुधवार को चिकानी स्थित एलआईटी कॉलेज में आयोजित अलवर सांसद खेल उत्सव के दूसरे चरण के समर कैम्प में हिस्सा लेकर बालिकाओं का हौसला बढ़ाया। मंत्री यादव ने खिलाडियों से बातचीत कर उन्हें प्रेरित किया कि वे अपने जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर पूर्ण समर्पण और मनोयोग से उस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए मेहनत करें।
मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा, “जब सच्ची श्रद्धा और लगन से कार्य किया जाता है, तो सफलता के द्वार अपने आप खुल जाते हैं। मेहनत, सकारात्मक सोच और संघर्ष ही सफलता की कुंजी हैं।” उन्होंने समर कैम्प में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। साथ ही, उन्होंने बताया कि अलवर सांसद खेल उत्सव जिले में लगातार आयोजित किया जाएगा, जिससे यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
मंत्री भूपेंद्र यादव ने कोचों और समर कैम्प की व्यवस्थाओं में लगे सभी अधिकारियों और टीम का आभार व्यक्त किया और खिलाडियों के साथ भोजन भी किया।
खिलाड़ियों ने साझा किए अनुभव, नाट्य प्रस्तुति से समाज को दिया संदेश
समर कैम्प में प्रशिक्षण ले रही बालिकाओं ने केंद्रीय मंत्री से आठ दिन के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि प्रातःकाल से लेकर शाम तक कड़ी मेहनत और अनुशासन के साथ प्रशिक्षण चल रहा है। इस दौरान भारतीय खेल प्राधिकरण के कुशल कोचों द्वारा खेल तकनीक, समय प्रबंधन, पोषण और जीवन शैली के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। बच्चों ने प्रमुख हस्तियों से मिलने का अवसर मिलने पर भी खुशी जताई।
समर कैम्प के दौरान बालिकाओं ने नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से बेटा-बेटी में भेदभाव खत्म कर बेटियों को समान अवसर देने का सामाजिक संदेश भी प्रभावी ढंग से दिया।
कार्यक्रम में जिला प्रमुख बलबीर सिंह छिल्लर, पूर्व विधायक जयराम जाटव, वी-शक्ति ट्रस्ट की फाउंडर प्रज्ञा यादव सहित अनेक गणमान्य व्यक्तिगण उपस्थित रहे।
For more news: Rajasthan