सोहेल खान ने अलायंस शो में सीमा सजदेह संग तलाक पर बात की। उन्होंने कहा कि रिश्ते में गलती हुई तो उसकी जिम्मेदारी वह लेते हैं।
बॉलीवुड अभिनेता सोहेल खान ने अपनी पूर्व पत्नी सीमा सजदेह के साथ तलाक और रिश्ते को लेकर पहली बार खुलकर बात की है। रियलिटी शो ‘अलायंस’ में सोहेल खान ने नेशनल टेलीविजन पर अपने रिश्ते से जुड़ी भावनाएं साझा कीं और कहा कि अगर उनके रिश्ते में कोई गलती हुई है तो वह उसकी जिम्मेदारी लेने के लिए तैयार हैं।
अमेजन प्राइम पर प्रसारित हो रहे शो ‘अलायंस’ में सोहेल खान बतौर कंटेस्टेंट नजर आ रहे हैं। इसी शो में उनकी एक्स-वाइफ सीमा सजदेह ने वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट के तौर पर एंट्री की, जिसके बाद दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चा तेज हो गई।
सीमा सजदेह को देखकर भावुक हुए सोहेल खान
शो के प्रोमो में होस्ट कुणाल खेमू ने सोहेल खान से पूछा कि घर में सीमा सजदेह को देखने के बाद उन्हें कैसा महसूस हो रहा है। इस पर सोहेल ने कहा कि उन्हें सीमा को देखकर खुशी हुई और उन्होंने दोनों के साथ बिताए लंबे सफर को याद किया।
सोहेल खान ने कहा कि वह इस खूबसूरत महिला के साथ करीब 25 साल तक रहे हैं और अगर उनके रिश्ते में कोई भी कमी या गलती रही होगी, तो वह उसकी जिम्मेदारी स्वीकार करते हैं।
also read: ‘तुम्बाड 2’ में फिर दिखेगा डर का तूफान, सोहम शाह के नए…
सोहेल के बयान पर सीमा ने दिया रिएक्शन
सोहेल खान की बात सुनकर सीमा सजदेह मुस्कुराती हुई नजर आईं। उन्होंने इस भावुक पल पर प्यार भरा रिएक्शन दिया। शो में मौजूद अन्य कंटेस्टेंट्स ने भी सोहेल के बयान पर प्रतिक्रिया दी।
सीमा ने भी तलाक को लेकर बात करते हुए कहा कि अलग होना किसी के लिए आसान नहीं होता। हर व्यक्ति अपनी जिंदगी में अलग-अलग दौर से गुजरता है, लेकिन उन्होंने और सोहेल ने इस परिस्थिति को समझदारी से संभाला।
तलाक के बाद भी निभा रहे हैं को-पेरेंटिंग
सीमा सजदेह ने बताया कि वह और सोहेल खान अपने बच्चों की परवरिश मिलकर कर रहे हैं। दोनों ने तलाक के बाद भी अपने बेटों के लिए एक बेहतर रिश्ता बनाए रखा है। उन्होंने कहा कि उन्होंने इस मुश्किल दौर को सकारात्मक तरीके से पार किया और बच्चों की जिम्मेदारियों को साथ निभा रहे हैं।
1998 में हुई थी सोहेल और सीमा की शादी
बता दें कि सोहेल खान और सीमा सजदेह की पहली मुलाकात चंकी पांडे की सगाई पार्टी में हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती हुई और फिर रिश्ता प्यार में बदल गया।
अलग-अलग धर्मों से होने के कारण शुरुआत में परिवारों की सहमति नहीं थी, लेकिन दोनों ने अपने रिश्ते को आगे बढ़ाने का फैसला किया। इसके बाद साल 1998 में दोनों ने शादी कर ली थी। करीब 24 साल साथ रहने के बाद साल 2022 में दोनों अलग हो गए। हालांकि, तलाक के बाद भी दोनों के बीच सम्मान और दोस्ती का रिश्ता कायम है।