मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने LPU में स्टार्टअप पंजाब कॉन्क्लेव में युवाओं को स्टार्टअप और निवेश के अवसर दिए, 500 करोड़ फंड और महिला उद्यमियों को विशेष प्रोत्साहन।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान जालंधर दौरे के दूसरे दिन लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में आयोजित स्टार्टअप पंजाब कॉन्क्लेव में शामिल हुए। इस कॉन्क्लेव में राज्य के जाने-माने उद्योगपति, व्यवसायी और नवोदित उद्यमियों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री ने युवाओं को स्टार्टअप शुरू करने और निवेश के अवसरों का लाभ उठाने की प्रेरणा दी।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि यह कॉन्क्लेव नौकरी देने वालों को बढ़ावा देने और युवाओं में सकारात्मक सोच विकसित करने का मंच है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार राज्य के समग्र विकास और युवाओं की आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है।
स्टार्टअप ऐप और 500 करोड़ का स्पेशल फंड
पंजाब सरकार ने युवाओं को बिजनेस शुरू करने के लिए प्रोत्साहित करने हेतु एक स्टार्टअप ऐप लॉन्च किया है। यह ऐप युवाओं को आसान किस्तों और कम ब्याज दर पर बिजनेस लोन प्रदान करता है।
also read: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पंजाब के पहले स्टार्टअप…
सरकार ने राज्य में उभरते उद्यमियों के लिए 500 करोड़ रुपये का विशेष फंड भी घोषित किया है। यह फंड मुख्य रूप से एग्री-टेक और मैन्युफैक्चरिंग स्टार्टअप्स पर केंद्रित रहेगा।
स्टार्टअप्स को सरकारी कागजी कार्रवाई से बचाने के लिए सिंगल-विंडो डिजिटल पोर्टल लॉन्च किया गया है। इस पोर्टल के जरिए स्टार्टअप रजिस्ट्रेशन और सब्सिडी फंड सीधे बैंक अकाउंट में ट्रांसफर किए जाते हैं। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि इस फंड का 25 प्रतिशत हिस्सा महिला उद्यमियों के लिए आरक्षित रहेगा।
जन संपर्क और समस्याओं का समाधान
इसके पहले, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जालंधर में पब्लिक मीटिंग आयोजित कर लोगों से सीधे संवाद किया। इस दौरान उन्होंने जनता की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर उनका समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनता को राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी भी दी।
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान और युवाओं के लिए अवसर प्रदान करना राज्य के सशक्त और समृद्ध विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।