न्यूयॉर्क के केविन ड्रोनियाक ने किया कमाल! 15 घंटे की फ्लाइट लेकर सिर्फ 24 घंटे के लिए आए भारत और देखा ताजमहल जानिए उनके इस ‘क्रेजी’ वन-डे ट्रिप की पूरी कहानी।
क्या आप सोच सकते हैं कि कोई व्यक्ति 15 घंटे की लंबी हवाई यात्रा सिर्फ इसलिए करे कि उसे एक दिन के लिए किसी दूसरे देश घूमना है? न्यूयॉर्क के रहने वाले कंटेंट क्रिएटर केविन ड्रोनियाक ने कुछ ऐसा ही कर दिखाया है। केविन ने सिर्फ 24 घंटे के भारत दौरे के लिए अमेरिका से दिल्ली तक का सफर तय किया और दुनिया के सात अजूबों में से एक ‘ताजमहल’ का दीदार किया।
केविन की पहचान ही ऐसे ‘स्टंट्स’ के लिए है जहाँ वह दुनिया भर में सिर्फ एक दिन की छुट्टियाँ (One-day vacations) मनाने के लिए जाने जाते हैं।
केविन का 24 घंटे का भारत ‘प्लान’
केविन की यह एडवेंचरस यात्रा न्यूयॉर्क से दिल्ली की 15 घंटे की फ्लाइट से शुरू हुई।
- लैंडिंग: वह 21 मार्च की रात करीब 9:30 बजे दिल्ली पहुँचे।
- दिल्ली से आगरा: बिना समय गंवाए, उन्होंने एयरपोर्ट से ही आगरा के लिए कैब बुक की और रात 2 बजे आगरा पहुँच गए।
- ताजमहल का दीदार: कुछ ही घंटों के आराम के बाद, केविन सुबह-सुबह ताजमहल देखने पहुँच गए। उन्होंने इसे “प्यार का विशाल प्रतीक” बताया।
ई-रिक्शा और उत्तर भारतीय खाने का लुत्फ
ताजमहल देखने के बाद केविन ने एक ई-रिक्शा लिया और आगरा की गलियों को करीब से देखा। उन्होंने पारंपरिक उत्तर भारतीय खाने का स्वाद भी चखा। फ्लाइट में अभी कुछ समय बाकी था, तो वह ‘बेबी ताज’ (इत्माद-उद-दौला का मकबरा) देखने भी गए।
जब ‘ट्रेन’ ने बिगाड़ा खेल
वापसी के समय केविन की योजना में एक बड़ी अड़चन आई। जब वह दिल्ली जाने के लिए रेलवे स्टेशन पहुँचे, तो पता चला कि उनकी ट्रेन कैंसिल हो गई है। अपनी इंटरनेशनल फ्लाइट न छूटे, इसके लिए उन्होंने आनन-फानन में दोबारा कैब बुक की और किसी तरह दिल्ली एयरपोर्ट पहुँचने में सफल रहे।
केविन ने मजाक में कहा, “भारत ने मुझे यहाँ रोकने की कोशिश की, लेकिन अब घर जाने का समय है।” उन्होंने अपने दर्शकों से यह भी पूछा, “क्या आप ऐसा ट्रिप करेंगे या आप मानसिक रूप से स्वस्थ हैं?”
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
केविन के इस वीडियो को अब तक 6 लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं। लोग उनके इस जुनून और ‘पागलपन’ को देखकर हैरान हैं। एक यूजर ने लिखा, “यह क्लीनिकली पागलपन है,” तो किसी ने पूछा, “आप जेट लैग (थकान) को कैसे संभाल लेते हैं?”