हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पानीपत में 7 करोड़ के बस डिपो और 80 नई इलेक्ट्रिक बसों का उद्घाटन किया। जानें ई-बस सेवा और सरकार की नई योजनाओं के बारे में।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश में हरित और आधुनिक परिवहन व्यवस्था की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। गुरुवार को पानीपत के ऐतिहासिक और पवित्र भूमि से सीएम सैनी ने एक अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक बस डिपो का उद्घाटन किया और 80 नई इलेक्ट्रिक सिटी बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह पहल हरियाणा को प्रदूषण मुक्त और आधुनिक परिवहन के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के सरकार के विजन का हिस्सा है।
“ई-बस सेवा: प्रदूषण मुक्त और आधुनिक भविष्य”
इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि ये बसें केवल परिवहन का साधन नहीं हैं, बल्कि हरियाणा के स्वच्छ, सुविधाजनक और आधुनिक भविष्य की शुरुआत हैं। उन्होंने कहा, “ई-बस सेवा से न केवल पेट्रोल और डीजल पर निर्भरता कम होगी, बल्कि यह प्रदूषण नियंत्रण में भी बड़ी भूमिका निभाएगी। सरकार आम जनता को सुरक्षित और आधुनिक यात्रा सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है।”
बसों का आवंटन और विस्तार
मुख्यमंत्री श्री @NayabSainiBJP ने आज पानीपत में सिटी इलेक्ट्रिक बस सेवा का शुभारंभ किया और पांच जिलों के लिए 80 इलेक्ट्रिक बसों को रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने 7 करोड़ रुपये की लागत से बने इलेक्ट्रिक बस डिपो का भी उद्घाटन किया।
“ई-बस सेवा से पेट्रोल और डीजल पर निर्भरता कम… pic.twitter.com/rpZVVx4TGF
— DPR Haryana (@DiprHaryana) May 28, 2026
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि इन 80 नई बसों को प्रदेश के विभिन्न जिलों में बांटा गया है ताकि आम लोगों को सुविधा मिल सके:
- पानीपत: 40 बसें
- यमुनानगर: 15 बसें
- कुरुक्षेत्र: 10 बसें
- सोनीपत: 10 बसें
- पंचकूला: 5 बसें
इन 80 बसों के जुड़ने के बाद, अब राज्य में इलेक्ट्रिक बसों की कुल संख्या 155 हो गई है। वर्तमान में पानीपत, यमुनानगर, करनाल, पंचकूला और रोहतक सहित 10 बड़े शहरों में सिटी बस सेवा का लाभ जनता को मिल रहा है।
7 करोड़ की लागत से बना अत्याधुनिक डिपो
पानीपत में करीब 7 करोड़ रुपये की लागत से एक विश्वस्तरीय इलेक्ट्रिक बस डिपो तैयार किया गया है, जहाँ बसों की चार्जिंग के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के 8 अन्य जिलों में भी इलेक्ट्रिक बस डिपो का निर्माण कार्य जोरों पर है।
आम जनता और छात्रों को बड़ा तोहफा
सीएम नायब सैनी ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि अब इलेक्ट्रिक बसों में भी विद्यार्थियों को रोडवेज की तर्ज पर बस पास की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा, सरकार बसों को एक मोबाइल ऐप के जरिए लाइव ट्रैकिंग सिस्टम से जोड़ने पर भी काम कर रही है, जिससे यात्रियों को बस की लोकेशन और आने का समय पता चल सकेगा।
आने वाले एक वर्ष के भीतर राज्य में 10 नए इलेक्ट्रिक बस स्टैंड बनाने की भी योजना है, जो हरियाणा के ‘ग्रीन इंडिया’ और ‘सस्टेनेबल डेवलपमेंट’ के संकल्प को नई गति प्रदान करेंगे।