Table of Contents
मसूरी में 24 से 29 दिसंबर तक होगा विंटरलाइन कार्निवाल। शोभा यात्रा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, एडवेंचर स्पोर्ट्स, फूड फेस्टिवल और मोटर बाइक रैली सहित विविध गतिविधियों के साथ पर्यटकों का स्वागत।
पहाड़ों की रानी मसूरी में 24 से 29 दिसंबर तक आयोजित होने वाले विंटरलाइन कार्निवाल की तैयारियां जोरों पर हैं। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कार्निवाल की तैयारियों की समीक्षा बैठक कर संबंधित विभागों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए ताकि यह आयोजन भव्य और सफलतापूर्वक संपन्न हो।
कार्निवाल में आयोजित होंगे विविध कार्यक्रम
बैठक में कार्निवाल के दौरान होने वाली गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें शामिल हैं: शोभा यात्रा और सांस्कृतिक कार्यक्रम, एडवेंचर स्पोर्ट्स और प्रतियोगिताएं, गोष्ठियां और पारंपरिक आयोजन, फूड फेस्टिवल और मोटर बाइक रैली, मैराथन, नेचर वॉक और स्टार गेजिंग, हिस्ट्री वॉक और विंटेज रैली। मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रमों की रूपरेखा समयबद्ध तैयार की जाए और उनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
also read: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहुंचे हरिद्वार, गन्ना मूल्य…
पर्यटकों और सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध
गणेश जोशी ने कहा कि कार्निवाल के दौरान मसूरी आने वाले पर्यटकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए पार्किंग, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल और विद्युत आपूर्ति, अलाव व्यवस्था और सफाई के सभी प्रबंध समय पर पूरे किए जाएं।
संस्कृति और स्थानीय कलाकारों को मिलेगा प्राथमिकता
मंत्री ने कहा कि कार्निवाल में उत्तराखंड की संस्कृति और स्थानीय कलाकारों को प्रमुखता दी जाएगी। सप्ताहभर चलने वाले इस कार्निवाल में पर्यटकों को मनोरंजन, संस्कृति और साहसिक गतिविधियों का अनूठा अनुभव मिलेगा।