Table of Contents
लखनऊ में ब्रह्मोस एयरोस्पेस यूनिट से ब्रह्मोस मिसाइलों की पहली खेप का फ्लैग ऑफ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे उद्घाटन।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में एक नया इतिहास रचा जाएगा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरोजिनी नगर स्थित ब्रह्मोस एयरोस्पेस यूनिट से तैयार की गई ब्रह्मोस मिसाइलों के पहले बैच का फ्लैग ऑफ करेंगे। यह दिन उत्तर प्रदेश डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर (UPDIC) के लिए मील का पत्थर साबित होगा और भारत के रक्षा उत्पादों में आत्मनिर्भरता के संकल्प को और मजबूत करेगा।
ब्रह्मोस एयरोस्पेस, जो दुनिया की सबसे तेज और घातक “ब्रह्मोस” सुपरसोनिक मिसाइल प्रणाली की निर्माता है, ने लखनऊ की नई इंटीग्रेशन और टेस्टिंग सुविधा से अपनी पहली खेप मिसाइलों की सफलतापूर्वक तैयारी की है। यह अत्याधुनिक यूनिट 11 मई 2025 को उद्घाटन के बाद पूरी तरह से संचालन में आई थी, जिसमें मिसाइल इंटीग्रेशन, टेस्टिंग और गुणवत्ता परीक्षण की सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। परीक्षण के बाद, ये मिसाइलें भारतीय सशस्त्र बलों के लिए तैनाती हेतु तैयार की जाती हैं।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित होंगे विभिन्न कार्यक्रम
फ्लैग ऑफ समारोह के दौरान रक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बूस्टर भवन का उद्घाटन करेंगे और बूस्टर डॉकिंग प्रक्रिया का प्रदर्शन भी देखेंगे। इसके अलावा, एयरफ्रेम और एवियोनिक्स, वारहेड भवन में पीडीआई (प्री डिस्पैच इंस्पेक्शन) और ब्रह्मोस सिम्युलेटर उपकरणों का प्रदर्शन किया जाएगा।
also read: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छात्रों को दी बड़ी सौगात,…
इस अवसर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम, स्टोरेज ट्रॉली प्रदर्शन, GST बिल प्रस्तुतीकरण और मोबाइल ऑटोनमस लॉन्चर का प्रदर्शन भी होगा। कार्यक्रम में ब्रह्मोस के डीन (डिजी) डॉ. जयतीर्थ आर. जोशी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक चेक और GST बिल सौंपेंगे, जिससे राज्य सरकार को राजस्व प्राप्त होगा। ब्रह्मोस मिसाइलों के उत्पादन से उत्तर प्रदेश को निरंतर GST आय प्राप्त होगी और युवाओं के लिए उच्च कौशल वाले रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
उत्तर प्रदेश डिफेंस कॉरिडोर की सबसे महत्वाकांक्षी परियोजना
सरोजिनी नगर के भटगांव स्थित ब्रह्मोस यूनिट उत्तर प्रदेश डिफेंस कॉरिडोर की सबसे महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में से एक है। यहां मिसाइलों के असेंबली, इंटीग्रेशन और टेस्टिंग का कार्य उच्च तकनीकी मानकों के अनुरूप किया जाता है। इस यूनिट से पहली खेप के रवाना होने के साथ उत्तर प्रदेश ‘मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड’ अभियान में एक सशक्त साझेदार बन गया है।
यह यूनिट न केवल रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि प्रदेश में रोजगार, निवेश और तकनीकी नवाचार के नए अवसर भी उत्पन्न कर रही है।
उत्तर प्रदेश बनेगा भारत का अगला एयरोस्पेस और रक्षा विनिर्माण हब
ब्रह्मोस एयरोस्पेस ने भारतीय सशस्त्र बलों की बढ़ती आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए अपनी उत्पादन क्षमता में तेजी से विस्तार किया है। लखनऊ का यह मैन्युफैक्चरिंग सेंटर न केवल भारतीय सेना की आवश्यकताओं को समयबद्ध रूप से पूरा करेगा, बल्कि भविष्य में अंतरराष्ट्रीय निर्यात बाजार की मांगों को भी पूरा करने में सक्षम होगा।
लखनऊ में स्थित ब्रह्मोस यूनिट उत्तर प्रदेश को भारत के अगले एयरोस्पेस और रक्षा विनिर्माण हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। यहां विकसित की जा रही अत्याधुनिक तकनीकें भविष्य में ब्रह्मोस एयरोस्पेस को और भी उन्नत वेरिएंट के मिसाइल सिस्टम विकसित करने में मदद करेंगी।