“अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के विधायकों को संबोधित करते हुए भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि 2027 के पंजाब चुनाव के बाद केंद्र की मोदी सरकार का अंत शुरू हो जाएगा और जनता भाजपा को सबक सिखाएगी।”
आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को दिल्ली के कपूरथला हाउस में पंजाब के विधायकों को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ हुंकार भरी। केजरीवाल ने दावा किया कि अगले साल होने वाले पंजाब विधानसभा चुनावों में भाजपा का ‘विजय रथ’ रुक जाएगा। मुख्यमंत्री भगवंत मान की मौजूदगी में उन्होंने कहा कि जिस तरह भाजपा असम, बंगाल, बिहार, महाराष्ट्र और दिल्ली जैसे राज्यों में जीत का परचम लहरा रही है, पंजाब की धरती उनके इस ‘अश्वमेध घोड़े’ को रोक देगी। केजरीवाल ने कड़े शब्दों में कहा, “पंजाब चुनाव के बाद मोदी सरकार गिर जाएगी। इस सरकार के अंत की शुरुआत पंजाब से ही होगी।”
इतिहास दोहराने का दावा: दिल्ली की तर्ज पर पंजाब में जीत
आज पंजाब के हमारे विधायकों के साथ संवाद किया। पूरी आम आदमी पार्टी देशहित में लोकतंत्र विरोधी ताक़तों को हराने के लिए प्रतिबद्ध है।
अपने बेहतरीन काम के दम पर पंजाब सरकार अपने आखिरी साल में भी लोकप्रिय बनी हुई है।
पंजाब की जनता आगामी चुनावों में भाजपा के अश्वमेध घोड़े को रोककर… pic.twitter.com/kn8E1eXBqi
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) May 5, 2026
पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने 2014 के चुनावों को याद करते हुए कहा कि उस समय नरेंद्र मोदी के पक्ष में जबरदस्त लहर थी। केंद्र में सरकार बनाने के बाद भाजपा ने हरियाणा, महाराष्ट्र और झारखंड जैसे राज्यों में लगातार चुनाव जीते। लेकिन फरवरी 2015 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में जनता ने भाजपा के विजय अभियान को थाम दिया, जहाँ भाजपा 70 में से केवल तीन सीटों पर सिमट गई थी। केजरीवाल का मानना है कि पंजाब की जनता भी दिल्ली की तरह ही भाजपा को कड़ा सबक सिखाएगी और उनके शासन के अंत का रास्ता तैयार करेगी।
पंजाब में ‘प्रो-इंकम्बेंसी’ और मान सरकार का रिपोर्ट कार्ड
केजरीवाल ने दावा किया कि पंजाब में चार साल के शासन के बाद भी भगवंत मान सरकार के पक्ष में ‘प्रो-इंकम्बेंसी’ (सत्ता के पक्ष में लहर) देखी जा रही है। उन्होंने कहा कि आम तौर पर सरकारों के खिलाफ माहौल बनता है, लेकिन मान सरकार की जनहितकारी नीतियों के कारण जनता का समर्थन और बढ़ा है। उन्होंने विधायकों को घर-घर जाकर लोगों को यह समझाने का निर्देश दिया कि भाजपा कथित तौर पर पंजाब और पंजाबियों से नफरत करती है। केजरीवाल के अनुसार, केंद्र के पास पूरी शक्ति होने के बावजूद उसने पंजाब के विकास के लिए कुछ नहीं किया, बल्कि राज्य के हक का पैसा (RDF फंड) भी रोक लिया।
लोकतंत्र के ‘अपहरण’ और केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप
भाजपा पर कड़ा प्रहार करते हुए आप प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा लोकतंत्र को नष्ट कर उसका अपहरण कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए चुनाव जीतना या हारना मायने नहीं रखता, क्योंकि वे प्रवर्तन निदेशालय (ED) और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) जैसी एजेंसियों का उपयोग करके पार्टियां तोड़ते हैं और चुनी हुई सरकारों को गिराते हैं। केजरीवाल ने “चोरी की गई” राज्यसभा सीटों और मतदाता सूचियों में हेरफेर (वोट काटने और जोड़ने) का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि पंजाब के साथ जो भेदभाव किया जा रहा है, उसका जवाब राज्य की जनता आने वाले चुनावों में भाजपा को सत्ता से बाहर करके देगी।