भारत और अमेरिका के बीच संभावित व्यापारिक बातचीत को लेकर नया अपडेट सामने आया है। अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने पहले कहा था कि दोनों देशों के बीच व्यापारिक वार्ता जल्द शुरू होगी, लेकिन अब स्पष्ट हुआ है कि इस हफ्ते कोई औपचारिक बैठक या बातचीत निर्धारित नहीं है।
सूत्रों के अनुसार, वाणिज्य मंत्रालय को वॉशिंगटन की ओर से किसी भी प्रकार का औपचारिक संदेश नहीं मिला है। अधिकारियों का कहना है कि भारत द्वारा हाल ही में भेजे गए प्रस्तावों की अमेरिका में आंतरिक समीक्षा की जाएगी, और उसके बाद ही किसी समझौते पर निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल, इस महीने भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक डील पर कोई बातचीत होने की संभावना नहीं है।
also read: तेजस नेटवर्क्स का शेयर क्रैश, 1450 से गिरकर 384 रुपये;…
अमेरिका की चेतावनी और टैरिफ
इस बीच अमेरिका ने चेतावनी दी है कि ईरान के साथ व्यापार करने वाले देशों पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लगाया जा सकता है। वर्तमान में अमेरिका भारतीय उत्पादों पर कुल 50 प्रतिशत टैरिफ लगा रहा है, जिसमें 25 प्रतिशत बेस टैरिफ और 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ शामिल है, जो रूस से सस्ते तेल की खरीद पर लगाया गया है।
अभी भी बनी हुई अनिश्चितता
भारतीय अधिकारियों के अनुसार, अमेरिका और भारत के बीच लंबे समय से व्यापारिक वार्ता जारी है, लेकिन कृषि क्षेत्र और किसानों के संरक्षण को लेकर भारत सतर्क रुख अपनाए हुए है। अब तक कई दौर की वार्ता हुई, लेकिन कोई ठोस नतीजा नहीं निकला। दोनों पक्षों के बीच समझौते की संभावना बनी हुई है, लेकिन बातचीत को लेकर अनिश्चितता अभी भी जारी है।
अमेरिकी वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लुटनिक ने कहा कि किसी भी समझौते पर जल्द मुहर लगने की संभावना कम है और बातचीत में कमी तथा अवसरों के चूकने को इसका मुख्य कारण बताया।