Table of Contents
हरियाणा सरकार इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए चार्जिंग स्टेशनों व EV इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार करेगी, लोगों को मिलेगी बेहतर सुविधा।
हरियाणा के परिवहन मंत्री श्री अनिल विज ने कहा है कि हरियाणा सरकार प्रदूषण मुक्त यातायात को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है और इसके तहत इलेक्ट्रिक वाहनों (EVs) को प्रोत्साहन देने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने में लोगों को जो समस्याएं जैसे कि चार्जिंग इन्फ्रास्ट्रक्चर, सुविधा की कमी आदि आ रही हैं, उन्हें शीघ्र ही दूर किया जाएगा।
EV इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास को लेकर हुआ हाई-लेवल मीटिंग
यह बात श्री विज ने चंडीगढ़ में देश की प्रमुख इलेक्ट्रिक वाहन कंपनियों – महिन्द्रा एंड महिन्द्रा, टाटा मोटर्स, हुंडई, एमजी मोटर्स और किआ मोटर्स के प्रतिनिधियों के साथ हुई एक महत्वपूर्ण बैठक के दौरान कही। इस बैठक में परिवहन विभाग के आयुक्त व सचिव टीएल सत्यप्रकाश और परिवहन आयुक्त अतुल द्विवेदी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
हरियाणा में EV चार्जिंग स्टेशनों का होगा व्यापक विस्तार
परिवहन मंत्री ने वाहन निर्माता कंपनियों से कहा कि वे हरियाणा में राज्य और राष्ट्रीय राजमार्गों पर पर्याप्त चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने पर जोर दें। इसके साथ ही उन्होंने सुझाव दिया कि इन चार्जिंग स्टेशनों के साथ रेस्ट हाउस, शौचालय, रिफ्रेशमेंट जोन और बैठने की सुविधाएं भी होनी चाहिए, ताकि EV यात्रा को अधिक आरामदायक और आकर्षक बनाया जा सके।
EV कंपनियों को मिलेगा हरियाणा सरकार का पूरा सहयोग
श्री विज ने कहा कि अगर कंपनियां “फुल पैकेज स्कीम” के तहत EV बिक्री, सर्विस सेंटर, चार्जिंग नेटवर्क और इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करना चाहती हैं, तो राज्य सरकार उस पर विचार कर सहयोग देने को तैयार है। उन्होंने कंपनियों को प्रोत्साहित किया कि वे हरियाणा को पायलट स्टेट के रूप में चुनें और तकनीकी अध्ययन व प्रयोगात्मक मॉडल के लिए आगे आएं।
ईवी बनाम पेट्रोल-डीजल वाहन: लागत की तुलना जरूरी
परिवहन मंत्री ने सुझाव दिया कि इलेक्ट्रिक वाहनों और पारंपरिक पेट्रोल-डीजल वाहनों के खर्च की तुलना को आम जनता के सामने लाया जाए, ताकि ईवी को लेकर जागरूकता बढ़े और उपभोक्ता अपने फायदे के अनुसार निर्णय ले सकें।
श्री विज ने ली EV कारों की टेस्ट ड्राइव
बैठक के उपरांत श्री विज ने महिन्द्रा बीई-6, टाटा हैरियर EV, एमजी एम-9, हुंडई क्रेटा EV और किआ EV6 जैसी कारों की टेस्ट ड्राइव ली और उनके फीचर्स की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कंपनियों के प्रतिनिधियों को उपयोगकर्ता अनुभव और संभावनाओं पर सुझाव भी दिए।