धराली क्लाउड बर्स्ट: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के धराली में आई विनाशकारी क्लाउड बर्स्ट के बाद राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। भारी बारिश के कारण कई जगहों पर सड़कें वॉशआउट हो गई हैं, जिससे सड़क मार्ग से राहत कार्यों में बाधा आ रही है। इस कारण प्रशासन ने प्लान B लागू करते हुए रेस्क्यू फोर्सेज को हवाई मार्ग से ग्राउंड ज़ीरो तक पहुंचाया है ताकि फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकाला जा सके।
उत्तरकाशी के भटवाड़ी हेलीपैड से एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें धराली गांव तक पहुंच रही हैं, जिससे राहत अभियान में तेजी आई है। अब तक हेलीकॉप्टर के माध्यम से 17 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है, जबकि 50 से अधिक रेस्क्यू और मेडिकल कर्मी थराली और हर्षिल तक ले जाए गए हैं।
धराली में आई आपदा का तीसरा दिन है और प्रशासन के लिए यह सबसे चुनौतीपूर्ण समय माना जा रहा है। सीएम पुष्कर धामी खुद उत्तरकाशी में कैंप किए हुए हैं और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
सीएम धामी ने मीडिया से बातचीत में कहा, “सबसे जरूरी है फंसे हुए लोगों को सुरक्षित जगह तक पहुंचाना। इसके लिए लगातार काम किया जा रहा है। केंद्र सरकार से हर संभव मदद मिल रही है, पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह भी लगातार संपर्क में हैं।”
ध्यान रहे कि धराली तक अभी तक कोई भी सड़क मार्ग ठीक नहीं हो पाया है और सारे रास्ते टूटे हुए हैं। इसलिए फिलहाल राहत कार्य के लिए केवल हवाई मार्ग का सहारा लिया जा सकता है। प्रशासन और रेस्क्यू टीम हर संभव प्रयास कर रही है ताकि प्रभावितों को जल्द से जल्द मदद पहुंच सके।