मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि वे D कंपनी और दाऊद गिरोह से जुड़े थे। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के मौके पर बोले – अब देश की सुरक्षा से खेलने वालों को मिलेगा जहन्नुम का टिकट।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर उत्तर प्रदेश के विकास में बाधा डालने, माफिया के साथ गठजोड़ और आतंकवाद को बढ़ावा देने के गंभीर आरोप लगाए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने भाषण में कहा, “यह वही लोग हैं जो डी कंपनी और दाऊद गिरोह को पालते थे। इनकी माफिया से पार्टनरशिप थी और ये सुरक्षा में सेंध लगाने का काम करते थे।” उन्होंने दावा किया कि सपा शासन में जब भी देश में आतंकी घटनाएं होती थीं, तो बदनाम पूर्वांचल और खासकर आजमगढ़ होता था, जिससे यहां के युवाओं की पहचान पर संकट खड़ा हो जाता था।
पूर्वांचल में विकास को लेकर बीजेपी की पीठ थपथपाई
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आजमगढ़ और पूर्वांचल क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की भी चर्चा की। उन्होंने कहा, “सपा सरकार न तो विश्वविद्यालय दे पाई और न ही पूर्वांचल एक्सप्रेसवे। महाराज सुहेलदेव के नाम पर आजमगढ़ में आज विश्वविद्यालय और मेडिकल कॉलेज के साथ नर्सिंग कॉलेज भी बन चुका है।”
उन्होंने यह भी जोड़ा कि सपा सिर्फ परिवारवाद तक सीमित थी और किसी गैर-सैफई वासी को प्रतिनिधित्व नहीं देती थी। “यह भारतीय जनता पार्टी ही थी जिसने निरहुआ और नीलम सोनकर जैसे आम लोगों को सांसद बनाकर विकास की धारा को आगे बढ़ाया,” सीएम योगी ने कहा।
‘संकट पैदा करने वालों को मिलेगा जहन्नुम का टिकट’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत की सुरक्षा को लेकर भी सख्त रुख दिखाया। उन्होंने कहा, “जो देश की सुरक्षा में सेंध लगाएगा, उसे सीधे जहन्नुम का टिकट मिलेगा।” प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि अब भारत नया भारत है, जहां सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक जैसे कड़े कदम उठाए जाते हैं।
For more news: UP