उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान गुप्तकाशी और ज्योर्तिमठ में एक्सिस बैंक की नई शाखाओं का वर्चुअल शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने इस महत्वपूर्ण पहल पर खुशी जताते हुए कहा कि इन शाखाओं के खुलने से सीमांत और दूरदराज के क्षेत्रों में आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार होगा, जो वित्तीय समावेशन और क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देगा।
गुप्तकाशी और ज्योर्तिमठ चार धाम यात्रा के महत्वपूर्ण पड़ाव हैं, इसलिए इन जगहों पर बैंक शाखाओं के खुलने से स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं दोनों को सुविधा होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में सभी बैंकों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करेगी।
ज्योर्तिमठ में पुनर्वास योजना पर विशेष ध्यान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि ज्योर्तिमठ में भारत सरकार के सहयोग से 1700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली पुनर्वास योजना का कार्य तेजी से चल रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास के संकल्प को याद करते हुए कहा कि अंतिम छोर तक विकास पहुंचाने का काम निरंतर जारी है।
वित्तीय समावेशन के लिए सरकार का समर्पण
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि प्रधानमंत्री जन धन योजना, मुद्रा योजना जैसी अनेक सरकारी योजनाओं के माध्यम से देश के हर नागरिक को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ा गया है। अब तक 55 करोड़ से अधिक जनधन खाते खोले जा चुके हैं, जिनके जरिए लाभार्थियों को सीधे लाभ राशि प्राप्त हो रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड वित्तीय अनुशासन और सतत विकास लक्ष्यों में प्रदेश ने बेहतर प्रदर्शन किया है, और राज्य सरकार बैंकिंग, वित्तीय और बीमा सेवाओं को हर नागरिक तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। डिजिटल सेवाओं और ई-गवर्नेंस को गांव-गांव तक पहुंचाकर जनता का जीवन सरल बनाया जा रहा है।
कार्यक्रम में अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री महेंद्र भट्ट, विधायक श्री बंशीधर भगत, डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, श्रीमती आशा नौटियाल, एक्सिस बैंक के प्रबंध निदेशक श्री अमिताभ चैधरी तथा अपर सचिव श्री मनमोहन मैनाली भी उपस्थित रहे।
For more news: Uttarakhand