उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल खट्टर से नई दिल्ली में शिष्टाचार भेंट की, जिसमें उन्होंने राज्य के कई महत्वपूर्ण विकास विषयों पर चर्चा की। खासकर आगामी कुंभ 2027 के मद्देनजर ऋषिकेश, हरिद्वार और अन्य तीर्थ स्थलों के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने और आवासीय परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने के लिए केंद्र सरकार से सहयोग का अनुरोध किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने ऋषिकेश के गंगा कॉरिडोर क्षेत्र में HT/LT विद्युत लाइनों के भूमिगतकरण और स्वचालन के लिए ₹547.83 करोड़ की डीपीआर को RDSS योजना के तहत स्वीकृत करने पर केंद्रीय मंत्री का धन्यवाद किया। साथ ही, हरिद्वार कुंभ क्षेत्र के लिए ₹315 करोड़ की समान परियोजना को भी शीघ्र मंजूरी देने का आग्रह किया।
Also Read: उत्तराखंड मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की भराड़ीसैंण में…
पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं को भी केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने निजी डेवलपर्स की उदासीनता पर चिंता जताते हुए पूर्व की 40:40:20 भुगतान प्रणाली को पुनः लागू करने का सुझाव दिया, जिससे आवास निर्माण में तेजी लाई जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य में लगभग 15,960 आवासीय इकाइयों का निर्माण प्रगति पर है, लेकिन EWS वर्ग के लाभार्थियों के लिए ऋण प्राप्त करना बैंकिंग चुनौतियों के कारण कठिन हो रहा है। इस समस्या को दूर करने के लिए उन्होंने बैंकिंग और वित्तीय संस्थानों को विशेष निर्देश जारी करने की मांग की।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने राज्य के धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों को विश्वस्तरीय बनाने के उद्देश्य से शारदा रिवरफ्रंट परियोजना के लिए THDC की CSR निधि से ₹100 करोड़ की सहायता की अपील की। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं न केवल सतत पर्यटन को बढ़ावा देंगी बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी उत्पन्न करेंगी।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने उत्तराखंड सरकार को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य मिलकर कुंभ 2027 को एक भव्य, सुरक्षित और पर्यावरण-संवेदनशील आयोजन बनाएंगे।
यह बैठक उत्तराखंड के कुंभ मेले के सफल आयोजन और राज्य के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।