हरियाणा को बड़ी सौगात! 17 जुलाई को जींद से देश की पहली इको-फ्रेंडली हाइड्रोजन ट्रेन को PM नरेंद्र मोदी हरी झंडी दिखाएंगे। CM नायब सिंह सैनी ने तैयारियों का जायजा लिया।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने घोषणा की है कि 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद की पावन धरती से देश की पहली हाइड्रोजन-पावर्ड (Hydrogen-Powered) ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। जींद और सोनीपत के बीच चलने वाली यह हाइड्रोजन ट्रेन पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक रेल यातायात के क्षेत्र में हरियाणा और पूरे देश के लिए एक बहुत बड़ी और ऐतिहासिक उपलब्धि साबित होगी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने खुद जींद के एकलव्य स्टेडियम और कार्यक्रम स्थल का दौरा कर तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए। सीएम सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह दौरा हरियाणा के विकास की रफ्तार को दोगुनी करने वाला होगा, क्योंकि इस दौरान वे राज्य के अलग-अलग जिलों के लिए करोड़ों रुपये के विकास प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे।
पूरी तरह ‘इको-फ्रेंडली’ होगी जींद रैली
17 जुलाई को प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जींद की धरती से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ करेंगे। जींद से सोनीपत के बीच चलने वाली यह हाइड्रोजन ट्रेन हरियाणा और देश के लिए एक बहुत बड़ी उपलब्धि होगी। इसके साथ ही प्रधानमंत्री प्रदेश के विभिन्न जिलों में करोड़ों रुपये की…
— DPR Haryana (@DiprHaryana) July 13, 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पेट्रोल-डीजल की निर्भरता कम करने और पर्यावरण बचाने के आह्वान पर अमल करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि जींद में होने वाली यह महा-रैली पूरी तरह से ‘इको-फ्रेंडली’ (Eco-friendly) होगी। रैली स्थल पर आने-जाने के लिए सीएनजी (CNG) बसों, ई-रिक्शा और इलेक्ट्रिक वाहनों (EVs) का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया जाएगा।
जींद-सोनीपत हाइड्रोजन ट्रेन की मुख्य विशेषताएं:
- रूट और फेरे: यह ट्रेन जींद से सोनीपत के बीच 89 किलोमीटर के ट्रैक पर रोजाना दो चक्कर (Round Trips) लगाएगी और कुल 356 किमी का सफर तय करेगी।
- जीरो एमिशन: यह तकनीक पूरी तरह प्रदूषण मुक्त है। पारंपरिक डीजल इंजन के विपरीत, इसमें ईंधन के रूप में हाइड्रोजन और ऑक्सीजन के मिश्रण से बिजली बनती है, जिससे उप-उत्पाद (By-product) के रूप में सिर्फ पानी की भाप और हीट निकलती है।
- रफ़्तार और क्षमता: 10 कोच वाली यह आधुनिक ट्रेन 75 किमी/घंटे की रफ्तार से चलेगी और इसमें एक बार में करीब 2,600 यात्री सफर कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने हरियाणा की जनता से इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने की अपील की है। इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण पूरे राज्य में एलईडी (LED) स्क्रीन्स के माध्यम से भी किया जाएगा।