स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. रवजोत सिंह के नेतृत्व में फूंका गया केंद्र सरकार का पुतला
पानी के मसले पर बीबीएमबी की मनमर्जी और पंजाब के हकों के हनन के खिलाफ आम आदमी पार्टी का जोरदार प्रदर्शन
हरियाना/होशियारपुर, 1 मई:
पंजाब के पानी पर हरियाणा और केंद्र सरकार की दखलअंदाज़ी और बीबीएमबी द्वारा राज्य के हितों की अनदेखी के विरोध में आज कस्बा हरियाना के बस स्टैंड के पास पंजाब सरकार के स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. रवजोत सिंह के नेतृत्व में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान केंद्र सरकार का पुतला फूंक कर अपना आक्रोश व्यक्त किया गया।
डॉ. रवजोत सिंह ने कहा कि पंजाब के पास किसी अन्य राज्य को देने के लिए एक भी बूंद अतिरिक्त पानी नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंजाब के पानी का संबंध केवल पंजाब से है, और इसे जबरन अन्य राज्यों को देने की कोशिश कानूनी और नैतिक दोनों रूप से गलत है।
उन्होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि वह बीबीएमबी जैसी संस्थाओं के माध्यम से पंजाब की आवाज को दबाने और राज्य को उसके संवैधानिक अधिकारों से वंचित करने का षड्यंत्र कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा हरियाणा और केंद्र सरकार के जरिए पंजाब के साथ न्याय नहीं, बल्कि अत्याचार कर रही है।
डॉ. रवजोत सिंह ने यह सवाल उठाया कि जब भाखड़ा और पौंग बांधों में जलस्तर पहले ही चिंताजनक रूप से कम है, तो हरियाणा की 8500 क्यूसेक अतिरिक्त पानी की मांग को पूरा करना कैसे संभव है? उन्होंने कहा कि पंजाब पहले से ही साफ पानी की कमी से जूझ रहा है और राज्य की नदियों में पानी का प्रवाह घटने से पीने व सिंचाई की समस्याएं गंभीर होती जा रही हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा हरियाणा को गैर-कानूनी ढंग से पानी उपलब्ध करवाने के लिए पंजाब पर जो दबाव बनाया जा रहा है, वह राज्यों के अधिकारों पर सीधा हमला है और इसे कभी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।