युद्ध नशों विरुद्ध: लोगों से मिली जानकारी के आधार पर नशा विरोधी हेल्पलाइन ‘सेफ़ पंजाब’ पर 1 मार्च से अब तक दर्ज हुईं 5,562 एफआईआर

युद्ध नशों विरुद्ध: लोगों से मिली जानकारी के आधार पर नशा विरोधी हेल्पलाइन ‘सेफ़ पंजाब’ पर 1 मार्च से अब तक दर्ज हुईं 5,562 एफआईआर

 

— 1 मार्च, 2025 से अब तक 26,995 नशा तस्कर काबू; 1096 किलो हेरोइन, 380 किलो अफ़ीम, 12.43 करोड़ ड्रग मनी ज़ब्त

 

— विशेष डीजीपी अर्पित शुक्ला ने लोगों को नशा तस्करों की जानकारी ‘सेफ़ पंजाब हेल्पलाइन 97791-00200’ पर बिना किसी डर के साझा करने का आह्वान किया

 

— नशों की रोकथाम के हिस्से के रूप में 1 मार्च से अब तक पुलिस टीमों ने 1153 संपर्क बैठकें और छात्रों के साथ 4293 बैठकें आयोजित कीं

 

चंडीगढ़, 24 अगस्त:

 

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर शुरू की गई नशा विरोधी मुहिम ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ के तहत, पंजाब की ‘सेफ़ पंजाब’ व्हाट्सएप चैटबॉट पोर्टल – 9779100200 – पर जनता से प्राप्त जानकारी के आधार पर 1 मार्च, 2025 से अब तक 5,562 एफआईआर दर्ज की गई हैं।

 

यह उल्लेखनीय है कि ‘सेफ़ पंजाब’ नशा विरोधी हेल्पलाइन 97791-00200, पंजाब सरकार की एक प्रमुख पहल है, जिसका उद्देश्य नशों से संबंधित समस्याओं से जूझ रहे व्यक्तियों को आसान पहुँच और उचित सहायता प्रदान करना है।

 

विशेष महानिदेशक पुलिस (कानून एवं व्यवस्था) अर्पित शुक्ला ने कहा कि ‘सेफ़ पंजाब’ चैटबॉट ने एक नए दौर की शुरुआत की है क्योंकि इसमें लोगों की पहचान गोपनीय रखी जाती है। इसी विशेषता के कारण इसे जनता का व्यापक समर्थन मिला है। लोग अब स्वयं आगे बढ़कर तस्करों की रिपोर्ट करने और सुझाव देने लगे हैं। उन्होंने लोगों को भविष्य में भी बिना किसी भय के इस चैटबॉट पर नशा तस्करों से संबंधित गुप्त जानकारी साझा करने के लिए प्रेरित किया।

 

विशेष डीजीपी ने बताया कि नशा तस्करों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के साथ-साथ, पंजाब पुलिस ने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव के नेतृत्व में एक विशेष नशा विरोधी जागरूकता अभियान भी शुरू किया है, ताकि इस गंभीर समस्या के खिलाफ लड़ाई में आम जनता में एकता और सहयोग की भावना उत्पन्न की जा सके।

 

विवरण साझा करते हुए, विशेष डीजीपी अर्पित शुक्ला ने कहा कि इस विशेष मुहिम के तहत, पुलिस आयुक्तों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (सीपी/एसएसपी) को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने जिलों में संपर्क कार्यक्रम, छात्रों के साथ बैठकें और अन्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करें, ताकि आम जनता, युवाओं, गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ), क्लबों आदि को नशा विरोधी लड़ाई में शामिल किया जा सके। उन्होंने बताया कि 1 मार्च 2025 से पंजाब पुलिस ने 1153 संपर्क बैठकें और 4293 छात्र बैठकें आयोजित की हैं।

 

‘युद्ध नशों विरुद्ध’ मुहिम के परिणाम साझा करते हुए, विशेष डीजीपी अरपित शुक्ला ने बताया कि पंजाब पुलिस ने 1 मार्च 2025 से अब तक 17,373 एफआईआर दर्ज की हैं और 26,995 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। इन तस्करों के कब्जे से 1096 किलो हेरोइन, 380 किलो अफ़ीम, 23 टन भुक्की, 29 किलो चरस, 421 किलो गांजा, 6 किलो आईसीई, 3.3 किलो कोकीन, 32.91 लाख नशीली गोलियाँ/कैप्सूल और 12.43 करोड़ रुपए की ड्रग मनी बरामद की गई है।

 

उल्लेखनीय है कि पुलिस टीमों ने ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ मुहिम के 176वें दिन भी नशों के खिलाफ घेराबंदी और तलाशी अभियान (कासो) जारी रखा। इसके तहत रविवार को 320 स्थानों पर छापेमारी की गई और प्रदेश भर में 68 नशा तस्करों की गिरफ्तारी के बाद 48 एफआईआर दर्ज की गईं।

 

विशेष डीजीपी ने बताया कि इन छापों में गिरफ्तार किए गए तस्करों से 1 किलो हेरोइन, 5633 नशीली गोलियाँ/कैप्सूल और 23,910 रुपए की ड्रग मनी बरामद की गई है।

 

उन्होंने आगे बताया कि 70 गज़टेड अधिकारियों की निगरानी में 1000 से अधिक पुलिस कर्मियों वाली 120 से ज्यादा पुलिस टीमों ने पूरे राज्य में छापेमारी की और दिनभर चले इस अभियान में 345 संदिग्ध व्यक्तियों की जाँच भी की गई।

 

विशेष डीजीपी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा नशों के खात्मे के लिए लागू की गई तीन-स्तरीय रणनीति – प्रवर्तन (इन्फोर्समेंट ), नशा मुक्ति (डी-एडिक्शन ) और रोकथाम (प्रिवेंशन) – के हिस्से के रूप में, आज पंजाब पुलिस ने 47 व्यक्तियों को नशा मुक्ति और पुनर्वास उपचार के लिए राज़ी किया है।

Related posts

माताओं-बहनों के लिए खुशी का खजाना’ बनी मान सरकार की योजना: सशक्त महिला से ही समृद्ध बनेगा पंजाब

अरविंद केजरीवाल का पीएम मोदी पर बड़ा हमला: “फ़ास्ट-ट्रैक कोर्ट का ड्रामा बंद करें, नीयत में ही खोट है”

जनहितैषी सरकार’ का प्रमाण: अपने वादों को पूरा कर मान सरकार ने जीता जनता का दिल, मिला दोबारा सरकार बनाने का जनादेश

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Read More