पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया द्वारा ग्राम रक्षा समितियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात

पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया द्वारा ग्राम रक्षा समितियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात

कहा, ग्राम रक्षा समितियों को मजबूत किया जायेगा

राज्यपाल पंजाब ने नवां पिंड से पंधेर तक नशे के खिलाफ पदयात्रा का किया नेतृत्व

अमृतसर, 5 अप्रैल 2025 ( ) – पंजाब के राज्यपाल और भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, पंजाब के अध्यक्ष श्री गुलाब चंद कटारिया ने ग्राम रक्षा समितियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करते हुए कहा कि इन समितियों को मजबूत किया जाएगा ताकि सीमावर्ती गांवों में तस्करी पर नियंत्रण किया जा सके।

पंजाब के राज्यपाल श्री गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि ग्राम रक्षा समितियों के कारण ही गांवों में नशे की बड़ी खेप बरामद हो रही है और इन्हें मजबूत करने की जरूरत है ताकि गांवों को नशे की समस्या से मुक्त कराया जा सके। इस मौके पर उन्होंने समिति के सदस्यों की समस्याएं सुनते हुए इस बात पर जोर दिया कि ग्रामीण स्तर पर महिलाओं को भी आगे आकर अपने घर और समाज में नशे या अन्य समस्याओं को जड़ से खत्म करने के लिए प्रशासन के साथ समन्वय बढ़ाना चाहिए।

माननीय राज्यपाल ने ग्राम रक्षा समितियों के सदस्यों से कहा कि वे अपने-अपने गाँवों में खेल स्टेडियम तैयार करें ताकि गाँव के युवा अपनी ऊर्जा का सही दिशा में उपयोग कर सकें और कड़ी मेहनत से अपना और देश का भविष्य बना सकें। इस अवसर पर उन्होंने दो अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ियों रमनदीप सिंह ओलंपियन और आकाश दीप सिंह अर्जुन अवार्डी ओलंपियन का विशेष रूप से उल्लेख किया और कहा कि इन दोनों खिलाड़ियों ने वैश्विक स्तर पर अपने राज्य और देश का नाम रोशन किया है। नशे के खिलाफ माननीय राज्यपाल की पदयात्रा में ये दोनों खिलाड़ी भी शामिल थे, जो आज नवां पिंड से शुरू होकर पंधेर गांव में समाप्त हुई।

इस अवसर पर माननीय राज्यपाल पंजाब ने कहा कि ग्राम रक्षा समितियों द्वारा अनुकरणीय कार्य किये जा रहे हैं तथा सराहनीय कार्य करने वाले समिति सदस्यों को विशेष रूप से सम्मानित भी किया जायेगा। उन्होंने ग्राम रक्षा समितियों के सदस्यों को खेल किट भी वितरित कीं। इस अवसर पर विभिन्न गांवों मरड़ीकलां, सोहिया कलां, अनायतपुरा, पंधेर खुर्द, मेहंदीपुर, जोहल, बोगोवाल, रख भंगवां, भोमा, ढंडे, ढरपई और गांव पंधेर की ग्राम रक्षा समितियों के सदस्य उपस्थित थे।

आज नशे के खिलाफ पदयात्रा शुरू करने के अवसर पर एक विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए पंजाब के राज्यपाल ने कहा कि बहादुर पंजाबी, जिन्होंने हमेशा बाहरी हमलों का जवाब दिया है, अब नशे के खिलाफ यह युद्ध भी जीतेंगे। उन्होंने कहा कि नशा एक सामाजिक बुराई है और इसे मिटाने के लिए समाज के हर वर्ग का सहयोग लिया जाएगा।

राज्यपाल पंजाब श्री गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि पंजाब की धरती धर्म एवं संस्कृति की रक्षा का प्रतीक है। यहां की धरती ने जुल्म के खिलाफ बलिदान दिया है। उन्होंने सरहिन्द में धर्म की रक्षा की ख़ातिर दीवार में चिनवा कर शहीद किये गए गुरू गोबिन्द सिंह जी के पुत्र साहिबज़ादा बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह द्वारा क्रमशः 9 और 7 साल की उम्र में ज़ुल्म की इंतहा के विरुद्ध दिए संदेश को याद करते हुए कहा कि आज भी जब हम उस स्थान पर जाते हैं तो हमारी आंखें नम हो जाती हैं। उन्होंने कहा कि आज इतनी महान धरती पर जन्मे वीर पंजाबियों को बाहरी ताकतों द्वारा शारीरिक रूप से कमजोर करने की इस साजिश का हमें पुरजोर विरोध करना चाहिए और पंजाब की धरती से नशे को जड़ से उखाड़ने के लिए सरकार द्वारा शुरू की गई लड़ाई का समर्थन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब कोई भी कार्य सामाजिक ढंग से किया जाता है तो सफलता अवश्य मिलती है।

राज्यपाल पंजाब श्री गुलाब चंद कटारिया ने आगे कहा कि ड्रग तस्कर तस्करी के विभिन्न तरीकों का उपयोग करते हैं, जिनमें से एक ड्रोन के माध्यम से सीमा पार ड्रग्स भेजना है। उन्होंने कहा कि हमारे सुरक्षा बल लोगों के सहयोग से ड्रोन गतिविधियों पर अंकुश लगाने में काफी हद तक सफल रहे हैं और इसे पूरी तरह से रोकने के लिए काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी बड़े नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है और नशे के नेटवर्क को तोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि पैदल यात्रा के माध्यम से वह प्रदेशवासियों को नशे के खिलाफ प्रेरित कर रहे हैं।

गौरतलब है कि पैदल यात्रा के दौरान जिलावासियों द्वारा पूर्ण समर्थन दिया गया। इस वॉक में बड़ी संख्या में स्कूल और कॉलेज के छात्रों ने भाग लिया और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों में नशा मुक्त पंजाब के प्रति संदेश भी फैलाया। इस अभियान के हिस्से के तौर पर  स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा कल 6 अप्रैल को अमृतसर जिले में एक रक्तदान अभियान भी आयोजित किया जाएगा। पैदल यात्रा गांव मज्जूपरा से शुरू होकर गांव चेतनपुरा नर्सिंग कॉलेज, फतेहगढ़ चूड़ियां रोड पर समाप्त होगी।

इस अवसर पर श्री विवेक प्रताप सिंह, प्रमुख सचिव, राज्यपाल पंजाब, श्री शिवदुलार सिंह ढिल्लों, सचिव, इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी पंजाब, श्रीमती साक्षी साहनी डिप्टी कमिश्नर, श्री सतिंदर सिंह डी.आई.जी. श्री मनिंदर सिंह एसएसपी ग्रामीण, श्री ललित जैन आईएएस, डॉ. जसपाल सिंह, पूर्व उपकुलपति, गुरु नानक देव विश्वविद्यालय, श्रीमती परमजीत कौर, अतिरिक्त उपायुक्त, श्रीमती गुरसिमरनजीत कौर, सहायक आयुक्त, विभिन्न विभागों के अधिकारियों के अलावा, धार्मिक, सामाजिक, शिक्षा और सामाजिक सेवा संगठनों के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

Related posts

माताओं-बहनों के लिए खुशी का खजाना’ बनी मान सरकार की योजना: सशक्त महिला से ही समृद्ध बनेगा पंजाब

अरविंद केजरीवाल का पीएम मोदी पर बड़ा हमला: “फ़ास्ट-ट्रैक कोर्ट का ड्रामा बंद करें, नीयत में ही खोट है”

जनहितैषी सरकार’ का प्रमाण: अपने वादों को पूरा कर मान सरकार ने जीता जनता का दिल, मिला दोबारा सरकार बनाने का जनादेश

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Read More