जुलाई में हो सकता है सीईटी हरियाणा के मुख्य सचिव ने की तैयारियों की समीक्षा

जुलाई में हो सकता है सीईटी

 

हरियाणा के मुख्य सचिव ने की तैयारियों की समीक्षा

 

चंडीगढ़, 19 जून – हरियाणा के मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी ने ग्रुप-सी की भर्ती के लिए होने वाली सामान्य पात्रता परीक्षा (सीईटी) की तैयारियों की समीक्षा के लिए आज राज्य के सभी उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की। मुख्य सचिव ने बताया कि सीईटी अगले महीने यानी जुलाई में लिए जाने की संभावना है।

 

मुख्य सचिव ने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि परीक्षा स्वतंत्र, निष्पक्ष, सुचारू और पारदर्शी तरीके से आयोजित की जाए।

 

बैठक के दौरान बताया गया कि सीईटी के लिए लगभग 13,48,697 आवेदन प्राप्त हुए हैं। आवेदकों की बड़ी संख्या और परीक्षा के पैमाने को देखते हुए, हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग यानी एचएसएससी ने दो से तीन दिनों की समय अवधि में परीक्षा आयोजित करने का प्रस्ताव दिया है।

 

श्री रस्तोगी ने सभी उपायुक्तों को निर्देश दिए कि वे अगले तीन दिनों के भीतर अपने-अपने जिलों में उपयुक्त परीक्षा केंद्रों की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू करें। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि केंद्रों का चयन सुरक्षा, रसद, परिवहन पहुंच और उम्मीदवारों को समायोजित करने की क्षमता को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए। उन्होंने उपायुक्तों को निर्देश दिए कि वे इन सभी केंद्रों का पुलिस और नागरिक प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से निरीक्षण करवाएं।

 

श्री रस्तोगी ने कहा कि प्रस्तावित केंद्रों की सूची की एक विस्तृत रिपोर्ट सोमवार तक मुख्य सचिव कार्यालय और एचएसएससी चेयरमैन कार्यालय, दोनों को भेजी जानी चाहिए। मुख्य सचिव ने भर्ती प्रक्रिया की शुचिता को बनाए रखने की सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि इस मामले में किसी भी तरह की चूक या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

एचएसएससी के चेयरमैन श्री हिम्मत सिंह ने कहा कि परीक्षा केंद्रों के चयन के संबंध में सभी उपायुक्तों के साथ एक विस्तृत एसओपी साझा की गई है।

 

बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री अरुण कुमार गुप्ता, उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री विनीत गर्ग, परिवहन विभाग के आयुक्त एवं सचिव श्री टी.एल. सत्यप्रकाश समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related posts

मलोट में बनेगा क्राफ्ट कॉरिडोर, तरुणप्रीत सौंद और डॉ. बलजीत कौर ने रखा नींव पत्थर

अजनाला में बाढ़ संकट पर कुलदीप सिंह की बड़ी मांग, उझ नदी पर बांध बनाने को लेकर केंद्र से की अपील

श्री मुक्तसर साहिब में बनेगा ‘हेरिटेज पाथ’, तरुणप्रीत सौंद ने रखा नींव पत्थर; गुरुद्वारा श्री टुटी गंढी साहिब का होगा सौंदर्यीकरण

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Read More