जिले में सड़कों के निर्माण कार्यों का डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने किया निरीक्षण
– गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के दिए सख्त निर्देश
– निगरानी कमेटियों को सौंपी नियमित समीक्षा और रिपोर्टिंग की जिम्मेदारी
होशियारपुर, 9 नवंबर:
डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने आज मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के तहत जिले में चल रहे सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (विकास) निकास कुमार तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
निरीक्षण के दौरान डिप्टी कमिश्नर ने बहादुरपुर क्षेत्र में नगर निगम की ओर से बनाई जा रही सड़कों की प्रगति की समीक्षा की और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, जल निकासी व्यवस्था तथा सड़क के स्तर का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके उपरांत उन्होंने दसूहा क्षेत्र की सड़कों का भी दौरा किया और मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की प्राथमिकता जनता को बेहतर और सुरक्षित सड़क संपर्क उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य से पीडब्ल्यूडी, पंजाब मंडी बोर्ड तथा नगर निगम के सहयोग से जिला स्तर पर सड़क विकास कार्य युद्धस्तर पर चलाए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, मजबूती और समयबद्धता में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि सड़कें विकास की धुरी हैं और इनकी गुणवत्ता पर किसी भी तरह का समझौता जिले की प्रगति को प्रभावित करता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी निर्माण कार्य सरकारी मानकों एवं विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुसार ही पूरे किए जाएं।
आशिका जैन ने बताया कि उप-मंडल स्तर पर निगरानी कमेटियों का गठन किया गया है, जो कार्यों की नियमित समीक्षा करेंगी। ग्रामीण क्षेत्रों में इन कमेटियों की अध्यक्षता संबंधित एसडीएम करेंगे, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह जिम्मेदारी नगर निगम कमिश्नर और नगर परिषदों के कार्यकारी अधिकारी निभाएंगे। इन कमेटियों को नियमित कार्य प्रगति रिपोर्ट डिप्टी कमिश्नर कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके।