जनवरी 2025 से अब तक 2408 विद्यार्थियों ने पंजाब विधानसभा का किया दौरा: श्री कुलतार सिंह संधवां
चंडीगढ़, 18 अक्तूबर 2025
राज्य के विद्यार्थियों को विधानसभा के कार्यप्रणाली से संबंधित व्यावहारिक जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से, पंजाब विधानसभा के स्पीकर श्री कुलतार सिंह संधवां ने पंजाब के विद्यार्थियों को विधानसभा की कार्यवाही देखने के लिए आमंत्रित किया।
श्री संधवां ने बताया कि 1 जनवरी 2025 से अब तक विधानसभा की वास्तविक कार्यवाही देखने के लिए सत्र के दौरान 1237 विद्यार्थियों ने और गैर-सत्र दिनों में 1171 विद्यार्थियों ने दौरा किया।
स्पीकर ने विद्यार्थियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की और कहा कि उनके लिए पंजाब विधानसभा सचिवालय में विद्यार्थियों से बातचीत करना अत्यंत हर्ष का विषय है।
श्री संधवां ने कहा कि पंजाब विधानसभा की संवैधानिक कार्यवाही को देखकर विद्यार्थियों में राजनीति के क्षेत्र के प्रति रुचि उत्पन्न हुई है, जो देश के लोकतंत्र को सुदृढ़ करने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह यात्रा उनके भविष्य के जीवन में बहुत उपयोगी सिद्ध होगी। विद्यार्थियों ने पंजाब विधानसभा भवन के शानदार डिज़ाइन और वास्तुकला को देखकर आश्चर्य और खुशी व्यक्त की।