आम आदमी क्लीनिकों के डॉक्टरों को गर्भावस्था देखभाल और परिवार नियोजन पर विशेष प्रशिक्षण
– मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करने हेतु पंजाब सरकार का विशेष प्रयास
फाजिल्का, 15 जून
पंजाब सरकार द्वारा चलाई जा रही आम आदमी क्लीनिक योजना के तहत महिलाओं की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और परिवार नियोजन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आम आदमी क्लीनिकों में तैनात डॉक्टरों के लिए गर्भावस्था देखभाल और परिवार नियोजन पर एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण सत्र सिविल सर्जन कार्यालय, फाजिल्का में आयोजित किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न आम आदमी क्लीनिकों से आए चिकित्सकों ने भाग लिया।
इस अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित डिप्टी कमिश्नर श्रीमती अमरप्रीत कौर संधू ने कहा कि आम आदमी क्लीनिक आम जनता के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं। उन्होंने बताया कि गर्भवती महिलाओं की देखभाल को लेकर दिया गया यह प्रशिक्षण निश्चित ही स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाएगा और स्थानीय लोगों को इसका बड़ा लाभ मिलेगा।
प्रशिक्षण के दौरान डॉक्टरों को एंटीनेटल केयर यानी गर्भावस्था के दौरान आवश्यक चार नियमित चेकअप (जैसे ब्लड प्रेशर, वजन की निगरानी, हाई रिस्क मामलों की पहचान), पोषण, टीकाकरण, खतरनाक लक्षणों की पहचान तथा प्रसवोत्तर सेवाओं की जानकारी दी गई।
कार्यशाला का नेतृत्व सिविल अस्पताल की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. नुपूर गर्ग, जिला महामारी अधिकारी और आम आदमी क्लीनिकों की नोडल अधिकारी डॉ. सुनीता कम्बोज, डॉ. आमना कम्बोज, डॉ. पंकज चौहान तथा मास मीडिया शाखा से दिवेश कुमार ने किया।
इसके साथ-साथ डॉक्टरों को परिवार नियोजन की विभिन्न विधियों, उनके लाभ व संभावित दुष्प्रभावों के बारे में भी विस्तार से बताया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य महिलाओं और दंपतियों को सटीक जानकारी देना है ताकि वे सजग और स्वास्थ्यप्रद निर्णय ले सकें।
डिप्टी कमिश्नर ने आशा व्यक्त की कि यह प्रशिक्षण डॉक्टरों को और अधिक दक्ष, संवेदनशील और मेहनती बनाएगा, जिससे गर्भवती महिलाओं की देखभाल और परिवार नियोजन सेवाएं और प्रभावशाली बनेंगी।
डॉक्टरों को जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम, प्रधानमंत्री मातृत्व सुरक्षा अभियान और परिवार नियोजन योजनाओं की भी विस्तृत जानकारी दी गई।