उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शने से इंकार किया है। उन्होंने संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी बढ़ाने और राज्य की सीमाओं पर सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।
सीएम धामी ने सचिवालय में हुई बैठक में पुलिस विभाग को रात्रिकालीन गश्त मजबूत करने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सुरक्षा को लेकर कोई समझौता नहीं किया जाएगा और सभी संवेदनशील क्षेत्रों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाएगी।
इसके अलावा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से लेकर गांधी जयंती 2 अक्टूबर तक पूरे उत्तराखंड में सेवा पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। इस दौरान प्रदेश के सभी जिलों में जनजागरूकता, सेवा और जनहित से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने सरकारी सस्ता गल्ला की दुकानों पर मिलने वाली रेत मिश्रित नमक की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तुरंत जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इस बैठक में प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, सचिव शैलेश बगौली, डीजीपी दीपम सेठ सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।