Table of Contents
उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 1456 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए। पारदर्शिता और समर्पण के साथ कार्य करने का दिया संदेश। शिक्षा विभाग में नियुक्तियों का सिलसिला जारी।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दून मेडिकल कॉलेज में 1456 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इनमें लोक सेवा आयोग से चयनित 109 समीक्षा अधिकारी और सहायक समीक्षा अधिकारी तथा उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से चयनित 1347 सहायक अध्यापक (एल.टी.) शामिल हैं। सीएम धामी ने नवनियुक्त युवाओं को बधाई देते हुए उन्हें कर्तव्य पालन में पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और समर्पण के साथ कार्य करने का संदेश दिया।
नियुक्ति का महत्व और भविष्य की नींव
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह नियुक्ति अभ्यर्थियों के जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है और साथ ही राज्य के उज्जवल भविष्य की नींव भी है। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में राज्य में 26,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है, जो राज्य गठन के बाद की पूर्ववर्ती सरकारों की तुलना में दोगुनी से अधिक संख्या है।
also read: उत्तराखंड में स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं व पर्यवेक्षकों को…
पारदर्शिता और मेरिट पर जोर
सीएम धामी ने युवाओं को यह भी बताया कि सरकार ने नकल और भ्रष्टाचार के मामलों पर सख्त कार्रवाई की है। हाल ही में हरिद्वार के एक परीक्षा केंद्र पर नकल का मामला सामने आने पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया और मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई। सरकार ने पेपर निरस्त करने और सीबीआई जांच की सिफारिश भी की। उन्होंने युवाओं के समक्ष न्यायोचित मांगों को मानने का आश्वासन भी दिया।
शिक्षा विभाग में नियुक्तियों का सिलसिला जारी
शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि शिक्षा विभाग में नियुक्तियों का सिलसिला जारी रहेगा। जल्द ही बीआरपी, सीआरपी, बेसिक अध्यापक और चतुर्थ श्रेणी के पदों पर भी नियुक्तियां होंगी। उन्होंने नवनियुक्त अध्यापकों से अपील की कि वे दुर्गम क्षेत्रों में सेवा देने के लिए तैयार रहें क्योंकि कुछ वर्षों तक यह सेवा अनिवार्य होगी।